छटपटाते देखकर मकान स्वामी ने पड़ोसी की मदद से पहुंचाया अस्पताल

किराए के कमरे में रहकर कर रही थी पढ़ाई, स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल

अंबिकापुर। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में किराए के मकान में एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वह कुछ दिन पहले ही सीजीपीएससी की तैयारी के लिए जशपुर से अंबिकापुर आई थी।

मृतका तनुजा पैकरा, पिता बालसाय पैकरा 28 वर्ष, मूलत: जशपुर जिला के फरसाबहार की रहने वाली थी। बुधवार को सुबह मकान में रह रही एक अन्य छात्रा ने उसे संदिग्ध अवस्था में फांसी के फंदे पर देखा और मकान मालिक को इसकी सूचना दी। जब वे कमरे में पहुंचे तो छात्रा छटपटा रही थी, इसके बाद उन्होंने उसका पैर पकड़ लिया और एक पड़ोसी की मदद लेकर उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाए। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अस्पताल से मिली सूचना पर मामले में मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। युवती ने किस वजह से यह कदम उठाया, इसका पता अभी नहीं चल सका है।

25 जुलाई को आई थी अंबिकापुर

तनुजा ने कॉलेज की पढ़ाई पूरी कर ली थी। वह सीजीपीएससी की तैयारी के उद्देश्य से बीते 25 जुलाई को अंबिकापुर आई थी। वह गांधीनगर के गांधी चौक के पास एक मकान में किराए का कमरा लेकर रह रही थी। इसी मकान में दूसरे कमरे में अन्य छात्राएं भी रहती थीं।

पुलिस और एसएफएल ने की जांच

सूचना पर गांधीनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का बारीकी से जांच की। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त किया है। संदेह की स्थिति नहीं बने, इसे देखते हुए एसएफएल टीम को भी मौके पर बुलाकर जांच कराया गया। अग्रिम जांच कार्रवाई में पुलिस लगी है।

शोकाकुल स्वजन ले गए शव

पुलिस ने घटना की सूचना तनुजा के स्वजन को दी। सूचना मिलते ही वे जशपुर से अंबिकापुर पहुंचे। बेटी की हापलत देखकर वे फफककर रो पड़े। पुलिस ने मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है। शव लेकर स्वजन गृह ग्राम रवाना हो गए हैं। चले गए। छात्रा ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसे लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। स्वजन की ओर से भी किसी प्रकार संदेह या किसी पर आरोप फिलहाल नहीं लगाया गया है।

Categorized in: