लुचकी घाट से खरसिया नाका चौक और गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक बनेगी सीसी सड़क

बारिश में डूबता था खरसिया नाका, अब होगा स्थायी समाधान, हटेगा अवैध अतिक्रमण

अंबिकापुर। शहर के भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक सड़क की खस्ताहाल और पानी से भरी सड़क का वीडियो भेजकर आम लोगों ने आईना सरगुजा सांसद चिंतामणि महराज को दिखाया। इसके बाद नई दिल्ली में चल रहे संसद सत्र की जानकारी देते हुए उन्होंने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से अवगत कराया कि, उन्होंने इसे तत्काल संज्ञान में लिया है, और कलेक्टर एवं एनएच के अधिकारियों को वीडियो भेजकर सड़क की स्थिति का निरीक्षण करने और शीघ्र मरम्मत कराने निर्देशित किया है। बुधवार को सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क की दुर्दशा को तो देखा ही, मानसून में बार-बार जलभराव से बनी रहने वाली परेशानी और खरसिया नाका चौक के बदतर हालात का स्थल निरीक्षण करके लुचकी घाट से खरसिया नाका तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए शीघ्र सड़क निर्माण और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों से लुचकी घाट से खरसिया नाका चौक तक प्रस्तावित नवीन सड़क निर्माण के प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कार्य मेसर्स जवाहरलाल गुप्ता, ठेकेदार को मिला है। इसे निर्धारित समय-सीमा में प्रारंभ कर गुणवत्ता के साथ जल्द पूर्ण कराया जाए। कलेक्टर ने कहा कि केवल सड़क निर्माण ही नहीं, साथ में जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था भी जरूरी है। बारिश के दौरान आम नागरिकों को होने वाली परेशानी को देखते हुए तकनीकी परीक्षण कर विशेष कार्ययोजना बनाई जाए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर सुनील नायक, एसडीएम बनसिंह नेताम, राष्ट्रीय राजमार्ग एसडीओ निखिल लकड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

अतिक्रमण हटाने और सर्वे के आदेश

कलेक्टर अजीत वसंत ने अंबिकापुर एसडीएम बनसिंह नेताम को शासकीय भूमि का सर्वे कर जल निकासी के लिए व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध अतिक्रमण और जल संसाधन विभाग के नहर में अतिक्रमण का निरीक्षण कर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

सीसी रोड और ड्रेनेज बनाया जाएगा

राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता आर.डी. ताम्रे ने बताया कि लुचकी घाट से खरसिया नाका चौक तक और गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। सड़क निर्माण के साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि बारिश में सड़क पर पानी न भरे। कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप और समयबद्ध पूर्ण कराने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

समस्याओं के समाधान का हरसंभव प्रयास जारी रहेगा

सांसद चिंतामणि महराज ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से संदेश दिया है कि, आम जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव निरंतर प्रयास जारी रहेगा। हालांकि, सांसद महोदय पूर्व में भी सड़क की दुर्दशा दूर हो, इसके लिए तत्कालीन कलेक्टर के साथ धूल और गड्ढों से भरी अंबिकापुर-मनेन्द्रगढ़ सड़क का निरीक्षण स्वयं स्कूटी से सफर तय करके किए थे। इस दौरान सड़क की बदहाली से होने वाली आम जनता को परेशानी का उन्होंने एहसास भी किया। अब इस सड़क का कायाकल्प सीसी सड़क बनाकर किया जाना है, व्यवस्थित नाली बनेगी, जिससे उम्मीद है कि सड़कों पर भरे लबालब पानी का नजारा देखने को नहीं मिलेगा। लोगों को सुरक्षित आवाजाही की सुविधा मिलेगी।

 

Categorized in: