राजेंद्र ठाकुर (राजू) ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर
बलरामपुर जिले के रामानुजगंज जंगल में लकड़ी चोरी कर ले जा रहे पति-पत्नी को रोकना वन रक्षक को भारी पड़ गया। आरोप है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने वन रक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और सिर पर रखें सागौन का लट्ठा उसके ऊपर पटककर हमला कर दिया। हमले में वन रक्षक के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में रामानुजगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह सुबह रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में पदस्थ वन रक्षक पिंटू मालाकार ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान वन वाटिका के पास उन्हें एक महिला और पुरुष जंगल की ओर से सागौन का लकड़ी लेकर आते दिखाई दिए। वन रक्षक ने दोनों को रोककर पूछताछ की।
आरोप है कि पूछताछ से नाराज होकर मनोज भुईया उम्र 32 और उसकी पत्नी मानमती भुईया 30 निवासी वार्ड क्रमांक 15 रामानुजगंज, ने वन रक्षक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। दोनों ने रास्ते से हट जाने की धमकी देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान सिर पर रखा सागौन का लट्ठा वन रक्षक के ऊपर पटक दिया गया और दोनों ने उसके साथ मारपीट की। हमले में पिंटू मालाकार के सिर में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारी की रिपोर्ट पर थाना रामानुजगंज में अपराध क्रमांक 140/2026 के तहत BNS की धाराओं 296, 115(2), 351(2), 121(2), 132 एवं 3(5) में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया है

Categorized in: