जमीन विवाद बना हत्या की वजह, दोस्तों के साथ पार्टी मनाते समय बलपूर्वक ले गए

जरही। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना अंतर्गत ग्राम गोंदा में जमीन विवाद ने एक युवक की जान ले ली। गांव के ही कुछ युवकों पर युवक का अपहरण कर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल युवक को सड़क किनारे बेहोशी की हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। प्रतापपुर से रिफर करने पर उपचार के लिए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल लाया गया, यहां देर रात उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान हरिनंदन राजवाड़े (36) निवासी ग्राम गोंदा के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम हरिनंदन अपने दोस्तों तुषार और राहुल के साथ घर में पार्टी कर रहा था। इसी दौरान गांव का ही ललित राजवाड़े अपने 10 से 12 साथियों के साथ पहुंचा। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए हरिनंदन का जबरन अपहरण कर लिया और चारपहिया वाहन में अपने साथ ले गए। कुछ देर बाद स्वजन को सूचना मिली कि हरिनंदन को गांव से ले जाया गया है। स्वजन और ग्रामीण उसकी तलाश में निकले तो भैंसामुड़ा के पास कंेवरा चौक में वह सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल और बेहोशी की हालत में मिला। उसके शरीर पर मारपीट के निशान थे और खून भी बह रहा था। स्वजन तत्काल उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जमीन विवाद को बताया जा रहा वजह

मृतक के बड़े भाई बम भोले राजवाड़े ने बताया कि हरिनंदन और गांव के ही ललित राजवाड़े के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। करीब पखवाड़े भर पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते ललित ने अपने साथियों के साथ मिलकर हरिनंदन का अपहरण करके उसकी बेरहमी पटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।

प्रतापपुर पुलिस जांच में जुटी

मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर में आहत की मौत के बाद शुक्रवार को अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र की पुलिस ने स्वजन का बयान दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव इन्हें सौंप दिया गया है। अंबिकापुर पुलिस द्वारा केस डायरी प्रतापपुर पुलिस को भेजी जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। स्वजन की शिकायत के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई, घटना थाना क्षेत्र की पुलिस करेगी।

Categorized in: