रात 12-1 बजे तक हंगामा-गाली गलौज से मोहल्ले के लोगों का जीना मुहाल

अंबिकापुर। गांधीनगर पुलिस थाना के पीछे स्थित घसियापारा बस्ती में अवैध शराब बिक्री और शराबियों के उत्पात से स्थानीय लोग परेशान हो गए हैं। बस्तीवासियों ने सरगुजा कलेक्टर के जनदशर््न में लिखित शिकायत देकर अवैध कारोबार बंद कराने की मांग की है।

कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा के साथ पहुंची सुधा तिवारी, दुर्गावती गुप्ता, शिल्पी, बिसुलता पटेल, बबीता गुप्ता, सोना, रामकुमारी, सामबाई, इन्द्रपति, प्रतिमा, शांति सहित अन्य ने बताया कि बस्ती के कुछ घरों में अवैध रूप से शराब बेचा जा रहा है। बेचने वाले चिन्हित और प्रसिद्ध हैं, जिन्हें सभी लोग जानते हैं। बस्ती में एक तालाब है जिसके मेड़ पर शराबी खुलेआम बैठकर शराब पीते हैं। रात 12-1 बजे तक हल्ला-गुल्ला, गाली-गलौज और झगड़ा आम बात है। बताया गया है कि, आसपास के विभिन्न मोहल्लों से लोग यहां शराब पीने आते हैं, जिससे आसपास के सभ्रांत लोगों का जीना दूभर हो गया है। भय के कारण सभ्रांत लोग इसका विरोध नहीं कर पा रहे।

बस्तीवासियों ने कहा कि सिर्फ पेट्रोलिंग से इसमें सुधार हो पाना संभव नहीं है। मांग की गई है कि, अवैध शराब बेचने वाले चिन्हित हैं, ऐसे में पहले इन्हें थाने में तलब करके कड़ी समझाइश दी जाए। पहले भी पुलिस मित्रों के माध्यम से रोक लगाने में मदद मिली थी, इसलिए पुलिस मित्रों को फिर से संरक्षण देकर इनका सहयोग लिया जाए। मोहल्लेवासियों ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि अवैध कृत्य बंद कराया जाए ताकि लोग अमन-चैन से रह सकें। इसकी प्रतिलिपि आईजी सरगुजा रेंज, एसएसपी सरगुजा व थाना प्रभारी गांधीनगर को भी दी गई है।

Categorized in: