राजेंद्र ठाकुर (राजू) ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर 

बलरामपुर जिले के विकासखंड राजपुर में गुरुवार को विकासखंड स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह के उपस्थित में विकासखंड राजपुर अंतर्गत संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, विभागीय योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी स्वास्थ्य संस्थाओं की कार्यप्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन, सेवा प्रदायगी की गुणवत्ता तथा विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारी है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
वर्तमान मानसून मौसम को देखते हुए बैठक में मौसमी बीमारियों जैसे मलेरिया, डेंगू, डायरिया एवं अन्य संक्रामक रोगों की रोकथाम, समय पर पहचान एवं प्रभावी उपचार पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में बुखार के मरीजों की नियमित जांच, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, जनजागरूकता गतिविधियों तथा त्वरित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
बैठक में सर्पदंश की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में एंटी स्नेक वेनम (ASV) की पर्याप्त उपलब्धता एवं सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्र पूरी तरह तैयार रहें तथा दवाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
वही LCDC रिपोर्टिंग की भी समीक्षा की गई। समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रभावी निगरानी एवं योजना निर्माण के लिए सही और समयबद्ध रिपोर्टिंग अत्यंत आवश्यक है। सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वास्थ्य संस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं, दवा उपलब्धता, रिकॉर्ड संधारण एवं जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाएं तथा आम नागरिकों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक,विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी, खंड कार्यक्रम प्रबंधक तथा स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Categorized in: