साक्ष्य मिटाने गोबर से लीप दिया खून को, बेटी-दामाद गिरफ्तार

अंबिकापुर। बतौली थाना अंतर्गत मंगलवार की शाम दामाद ने अपने ससुर की पहले तो बेदम पिटाई की, फिर गमछे से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पिटाई के दौरान मृतक की बेटी ने भी अपने पति का साथ दिया। शव घर की परछी में पड़ा मिला, गले में गमछा लिपटा हुआ था। घटना से पूर्व मृतक, बाइक की किस्त जमा नहीं करने की बात को लेकर अपनी पत्नी से मारपीट किया था, और बेटी-दामाद से रुपये की मांग करते हुये विवाद कर रहा था। आवेश में आकर इन्होंने हत्या की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।  

जानकारी के मुताबिक, बतौली थाना क्षेत्र के बांसाझाल निवासी माईकल टोप्पो को 14 जुलाई की शाम करीब 04 बजे गांव के बालापानी का राजू कोरवा फोन करके बताया कि लोहर साय कोरवा की हत्या साफी से गला घोंटकर और जमीन में पटक-पटककर उसकी बेटी सोनकुंवारी और दामाद बंधन कोरवा कर दिये हैं। जब वह राजू कोरवा के साथ मौके पर गया तो लोहर साय, दामाद बंधन कोरवा के घर के परछी में मरा पड़ा था, खून को उसकी बेटी सोनकुंवारी गोबर से लीप-पोत दी थी। मृतक की पुत्री सोन कुंवारी तथा बंधन से पूछने पर इन्होंने बताया कि घटना दिनांक को सुबह लोहर साय अपनी पत्नी रामपति से मोटरसायकल का किस्त नहीं पटाने की बात पर मारपीट किया था, और बेटी-दामाद के घर आकर भी मोटरसायकल का किस्त पटाने के लिए रुपये पैसे की मांग कर झगड़ा विवाद कर रहा था। इसके बाद दोनों पति-पत्नी मिलकर लोहर साय के गले में पहने गमछा का फंदा बना कर गला घोंटकर जमीन में पटक कर मारपीट कर हत्या कर दिये, और जमीन में गिरे खून को गोबर से लीप दिये थे। रिपोर्ट पर थाना बतौली में धारा 103(1), 238, 3(5) बी.एन.एस. का अपराध दर्ज करके पुलिस ने विवेचना में लिया था।

इसी क्रम में थाना बतौली पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम कराया। मौ$के का निरीक्षण करने के दौरान जमीन में मृतक के गिरे खून को लीपकर साक्ष्य विलोपित करना पाया गया। पोस्टमार्टम के बाद मृत्यु हत्यात्मक प्रवृति का होना चिकित्सक ने बताया था, जिस पर पुलिस ने आरोपियों बंधन कोरवा पिता स्व. नधिया कोरवा 40 वर्ष और सोनकुंवारी पति बंधन कोरवा 35 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। इन्होंने मृतक लोहार साय के द्वारा घटना दिनांक को गाड़ी का किश्त पटाने के लिए रुपये पैसे की मांग करते हुए लड़ाई झगड़ा करना बताया है, आवेश में आकर इन्होंने लोहार साय के गले में पहने हुए गमछा से गला घोंटकर और जमीन में पटककर मारपीट करते हुये हत्या कर दी। आरोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर, सहायक उप निरीक्षक अरुण गुप्ता, महिला आरक्षक किरण तांडे, आरक्षक विकास एक्का, राजेश खलखो, जोगी बड़ा, रवि सिंह, सैहुन सिंह, जितेंद्र सक्रिय रहे।

Categorized in: