पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया  

अंबिकापुर। बौरीपारा निवासी एक युवक के गले और चेहरे में चाकू से प्राणघातक हमला करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने हत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज करके नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार करके बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।

डांस क्लास के संचालक दीपक सोनी पिता हरजीत सोनी 27 वर्ष, निवासी पुलिस लाइन बौरीपारा ने पुलिस को बताया है कि, 14 जुलाई को रात करीब 10 बजे उन्हें पिता ने फोन करके जल्दी मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल आने के लिये कहा और बताया कि उसके भाई सागर सोनी को धारदार हथियार से गला में हमला कर दिया है। इसके बाद वे अस्पताल पहुंचे और घायल भाई से पूछताछ किये तो वह बताया कि कम्पनी के कॉल पर बात करते समय अपचारी बालक शराब के नशे में जोर-जोर से गाली-गलौज करते हुये अपशब्दों का प्रयोग कर रहा था। फोन में कम्पनी के सर से बात करने की बात कहते हुये जब वह उसे तेज आवाज में बोलने और गालीगलौज करने से मना किया, तो वह अचानक पीछे से आकर सिर को पकड़ा और चाकू से गले में हमला कर दिया। एक बार वार करने के बाद दुबारा जब वह जानलेवा हमले की कोशिश किया तो मित्र करन व अजीज ने उनके भाई सागर को बचाया, यह वार चेहरे में लगा, जिसमें वह जख्मी हो गया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुये अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस ने आरोपित के विरूद्ध हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया है।

Categorized in: