रायगढ़। जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में सोमवार रात एक जंगली हाथी मालगाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल हाथी का रेस्क्यू कर उपचार शुरू कराया। फिलहाल वन अमला हाथी की लगातार निगरानी कर रहा है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे चारमार क्षेत्र में 10 हाथियों का दल रेलवे ट्रैक पार कर जंगल की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान एक मालगाड़ी की चपेट में आने से एक हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी रेलवे ट्रैक के पास गिर पड़ा और उसके शरीर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और घायल हाथी का रेस्क्यू कर उपचार की व्यवस्था की। रेस्क्यू अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी वन विभाग का सहयोग किया।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घायल हाथी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और विशेषज्ञों की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है। हाथी को सुरक्षित स्थान पर रखकर उपचार एवं निगरानी का कार्य जारी है।

घटना के कारण कुछ समय तक रेल यातायात भी प्रभावित रहा। घायल हाथी के ट्रैक के समीप होने के चलते मालगाड़ी को काफी देर तक रोके रखा गया। वन विभाग और रेलवे अधिकारियों द्वारा स्थिति सामान्य किए जाने के बाद रेल मार्ग को क्लियर कर मालगाड़ी को आगे रवाना किया गया।

गौरतलब है कि रायगढ़ जिला छत्तीसगढ़ के उन क्षेत्रों में शामिल है जहां मानव और हाथियों के बीच संघर्ष की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं। जंगलों से निकलकर हाथियों के आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने से कई बार जान-माल का नुकसान होता है। रायगढ़ के अलावा सरगुजा और सूरजपुर जिलों में भी हाथियों की आवाजाही और उससे जुड़ी घटनाएं अक्सर चर्चा में रहती हैं।

Categorized in: