कोरबा। मुड़ापार स्थित अंबेडकर भवन के पास नगर निगम के ग्रीन जोन में अवैध कब्जे और प्लाटिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई एकड़ शासकीय भूमि पर पेड़ों की कटाई कर जमीन को समतल किया जा रहा है और अवैध रूप से प्लॉट काटकर बेचने की तैयारी चल रही है। स्थानीय लोगों ने इस पूरे मामले में नगर निगम के एक कर्मचारी की संलिप्तता का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, अंबेडकर भवन के समीप स्थित ग्रीन जोन की जमीन पर पिछले कुछ दिनों से लगातार पेड़ों की कटाई की जा रही है। इसके बाद जमीन को समतल कर वहां टेंट और तिरपाल लगाकर कब्जे की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दिनदहाड़े हो रही इस गतिविधि पर प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

नागरिकों ने आरोप लगाया है कि नगर निगम के एक कर्मचारी ने भी इसी शासकीय भूमि पर मकान बना लिया है। शिकायत के बाद निगम द्वारा जेसीबी भेजी गई थी, लेकिन कथित रूप से कर्मचारी के मकान पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में प्रशासन के दोहरे रवैये को लेकर नाराजगी बढ़ गई है।

कब्जे की शिकायत मिलने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची थी और कार्रवाई का दावा किया गया था, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध प्लाटिंग और जमीन की नपाई का कार्य अब भी जारी है। उनका आरोप है कि कार्रवाई केवल कागजी साबित हुई है और ग्रीन जोन की भूमि पर कब्जा लगातार बढ़ता जा रहा है।

इस मामले में नगर निगम के जोन कमिश्नर पवन वर्मा ने कहा कि अवैध कब्जा और प्लाटिंग की शिकायत मिलने के बाद मौके पर कार्रवाई की गई है तथा संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि निगम कर्मचारी की संलिप्तता की शिकायत की विभागीय जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि ग्रीन जोन की जमीन को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, अवैध रूप से काटे गए पेड़ों के मामले में वन अधिनियम के तहत कार्रवाई हो तथा सभी कब्जाधारियों के खिलाफ बिना भेदभाव समान कार्रवाई की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

 

Categorized in: