बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के गणेश नगर नयापारा में 26 वर्षीय युवक इरफान बघीरा (पिता शेख खलील) का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मंगलवार सुबह शव बरामद किया, जिसके बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुरानी रंजिश माना जा रहा है। हालांकि, घनी आबादी वाले क्षेत्र में हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सिरगिट्टी क्षेत्र में पहले चाकूबाजी, मारपीट और हत्या जैसी घटनाएं आम थीं। पुलिस की सख्ती के बाद अपराधों पर काफी हद तक नियंत्रण हुआ था, लेकिन हाल के दिनों में गश्त और निगरानी में कमी के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले फिर बढ़ते नजर आ रहे हैं।

मंगलवार सुबह युवक का शव मिलने के बाद पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है। सीएसपी निमितेश सिंह के अनुसार, मामले में एक संदेही को हिरासत में लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं किया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के संबंध में अधिक जानकारी सामने आने की संभावना है।

 

Categorized in: