अच्छा रिश्ता और जॉब लगने का झांसा देकर घटना को दिया अंजाम

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना पुलिस ने झाड़फूंक के दौरान पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने के मामले में ढोंगी बाबा को गिरफ्तार कर लिया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये थे।

जानकारी के मुताबिक, थाना गांधीनगर में पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराया था, कि 14 जून को सुबह लगभग 8-9 बजे कॉलोनी में अमित गोस्वामी नामक एक बाबा आया, जो खुद को प्रयागराज उत्तर प्रदेश से आना बताया, और सभी लोगों को देखकर कुछ ना कुछ कमी बता रहा था। इसके द्वारा झाड़-फूंक करके ठीक करने के लिए पैसे व मोबाइल की मांग की जा रही थी। जब वह पीड़िता के घर में आया, तो परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। बाबा ने पीड़िता से कहा कि झाड़-फूंक कर देता हूं, अच्छा रिश्ता आयेगा और जॉब भी लग जायेगा। इसके बाद पीड़िता को नहाने के लिए बोला और झाड़-फूंक करते-करते पीड़िता की मां को बोला कि एक मु_ी चावल लेकर हनुमान मंदिर जाओ और 151 चावल के दाने को हनुमानजी को चढ़ाकर आओ, पीड़िता की बहन को बोला कि रूम से बाहर रहो और पीड़िता को मोहित कर जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध पंजीबद्ध करके पुलिस अग्रिम विवेचना कार्रवाई में लगी थी।

प्रकरण पंजीबद्ध करने के उपरांत थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने पीड़िता के द्वारा बताये गये हुलिया के अनुसार आरोपी अमित कुमार गोस्वामी पिता स्व. मंजूलाल गोस्वामी 29 वर्ष, निवासी ग्राम सेमरा, थाना घुरपुर जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश को तलाश करके पकड़ा, और विवेचना के दौरान मिले साक्ष्य के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। उपरोक्त कार्रवाई में थाना गांधीनगर से प्रभारी/निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक भारतीय मार्कण्डे, सहायक उपनिरीक्षक ललन गुप्ता, आरक्षक दीनदयाल सिंह, सुल्तान अहमद, घनश्याम, इत्यादि की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

सरगुजा पुलिस की अपील

सरगुजा पुलिस ने आमजनों से अपील की है, ढोंगी बाबाओं के झांसे में न आयें, और इस प्रकार के ढोंगी बाबा यदि आपके मोहल्ले में दिखें तो तत्काल सरगुजा पुलिस को सूचित करें। 

Categorized in: