अंबिकापुर। गांधीनगर थाना पुलिस ने म्यूल अकाउंट के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है। पुलिस द्वारा म्यूल अकाउण्ट में संलिप्त खाताधारक के विरूद्ध पूर्व में थाना गांधीनगर में प्रकरण दर्ज किया था।

जानकारी के मुताबिक, 19 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, एसबीआई बैंक शाखा बनारस रोड अंबिकापुर स्थित भवन के द्वितीय तल में किराये पर रहने वाले राहुल गुप्ता पिता राजेश गुप्ता के द्वारा गांधीनगर क्षेत्र में अवैध तरीके से नवयुवकों को आर्थिक लाभ पहुंचाकर उनके नाम से नया सिम खरीदवाकर, सिम से बैंक खाता खुलवाया जा रहा है और पासबुक व एटीएम कार्ड जारी करवाकर उन खातों के खाता संख्या तथा उससे रजिस्टर्ड सिम एवं पासबुक व चेकबुक का उपयोग छल व अन्य अपराध से संबंधित रुपये को ट्रांसफर करने के लिए संबंधित खाते की बिक्री कर रहा है। इस सूचना पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 151/2026, धारा 318(4), 317(4), 61(2) बीएनएस दर्ज किया गया था।

पुलिस ने प्रकरण में मुख्य आरोपी राहुल गुप्ता पिता राजेश गुप्ता के अलावा अन्य 10 संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में पूर्व में भेजा है। प्रकरण के विवेचना दौरान आरोपी राहुल गुप्ता के कब्जे से नीरज गुप्ता पिता राजेश गुप्ता 25 वर्ष, निवासी गौशाला रोड डिगमा, थाना गांधीनगर का एसबीआई, सेंट्रल बैंक व युको बैंक का पासबुक मिला है। उक्त खातों में अत्यधिक लेनदेन होना व साइबर फ्रॉड से संबंधित रकम ट्रांसफर होना पाया गया है। खाता धारक नीरज गुप्ता को तलब कर पूछताछ करने पर उसने बताया कि प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी विकास किर्तनिया को 03 हजार रुपये प्रति खाता के हिसाब से अपना तीन बैंक खाता व अपने भाई पंकज का एक खाता बेचा था। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना गांधीनगर से थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, आरक्षक अरविंद उपाध्याय, अमृत सिंह, विकास सिंह, रिषभ सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

Categorized in: