अंबिकापुर – पालघर मॉब लिंचिंग की घटना को लेकर रिपब्लिक टीवी के संपादक अर्णब गोस्वामी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल और सांप्रदायिक भावना फैलाने का आरोप लगाते हुए देश के विभिन्न हिस्सों से कांग्रेस नेताओं ने अर्णब गोस्वामी की गिरफ्तारी की मांग की है।
इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी, सरगुजा महामंत्री राजीव अग्रवाल द्वारा भी अर्णब गोस्वामी के इस कृत्य की कठोर निंदा करते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की है । उन्होंने अर्णब गोस्वामी और रिपब्लिक टीवी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। अर्णब गोस्वामी ने एक पत्रकार के तौर पर बहुत ही गैर जिम्मेदाराना कृत्य किया हैं।

महाराष्ट्र के पालघर में हुई मॉब लिंचिंग की घटना पर महाराष्ट्र सरकार साफ कर चुकी है कि यह सांप्रदायिक घटना नहीं थी, लेकिन रिपब्लिक टीवी ने अपने एक डिबेट में इस घटना को सांप्रदायिक रूप देने की कोशिश की। इस घटना पर हुए एक कार्यक्रम में चैनल के संपादक अर्णब गोस्वामी ने पत्रकारीय नैतिकता को ताक पर रखकर लोगों के बीच सांप्रदायिक भावनाएं फैलाने की कोशिश की। इतना ही नहीं अर्णब गोस्वामी ने इस घटना के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया।
जहाँ एक तरफ सारा देश और दुनिया कोरोना वायरस जैसी जानलेवा महामारी के खिलाफ एकजुट होकर मुकाबला कर रहा है वहीं दूसरी तरफ सिर्फ और सिर्फ अपने व्यक्तिगत फायदे, अपने चैनल की टीआरपी बढ़ाने के लिए और सामाजिक संतुलन बिगाड़ने के लिए सोनिया गांधी जी का नाम एवं राहुल गांधी जी के बयान को तोड़ मरोड़ कर दुष्प्रचार करना अत्यंत निंदनीय और राष्ट्रदोह तुल्य अपराध है ।

Categorized in: