अंबिकापुर। वर्ष 2005 से प्रारंभ हुआ ‘संकल्प’ 2026 तक एक सशक्त मंच के रूप में विकसित हो चुका है, जिसने कृषि क्षेत्र में नवाचार, तकनीक और किसान सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। यह मंच न केवल किसानों को नई दिशा दे रहा है, बल्कि देश की कृषि व्यवस्था को भी मजबूत बना रहा है। उक्त बातें प्रगतिशील कृषक ताराचंद गुप्ता ने उन्नत कृषि, उद्यानिकी में सरगुजा क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहे करजी फार्म, फसल प्रदर्शन एवं किसान महोत्सव पर 10, 11 एवं 12 अप्रैल को सरगवां में आयोजित, कृषि के क्षेत्र में नवाचार के आयाम, संकल्प 2026 के परिप्रेक्ष्य में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य कृषि को लाभकारी बनाना, छोटे रकबा वाले एवं सीमांत किसानों को खेती के प्रति जागरूक कर उनकी आय बढ़ाने पर विशेष जोर देना, आधुनिक कृषि तकनीक का प्रसार, नवीनतम कृषि तकनीक एवं नवाचारों को आदिवासी अंचल के गांव-गांव तक पहुंचाना है। इस माध्यम से किसानों को प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से कृषि कार्यों के प्रति प्रेरित किया जाएगा, और युवा किसानों को प्रोत्साहित किया जाएगा। युवाओं को कृषि क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर मिलेगा। कृषि-उद्योग में समन्वय के साथ प्रबंधन एवं रिसर्च संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित होगा। राकेश गुप्ता ने कहा कि संकल्प 2026, युवाओं को कृषि, उद्यानिकी, प्रसंस्करण एवं एलाइट एग्रीकल्चर एक्टिविटी से जोड़ने का अवसर देगा। इसके लिए 23,500 किसानों का पंजीयन हुआ है। 10, 11 एवं 12 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता का अवसर किसानों को मिलेगा। 24 राज्यों एवं नेपाल के किसानों सहित ऑनलाइन और ऑफलाइन 26,000 प्रतिभागियों की इस मौके पर उपस्थिति रहेगी। लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में 106 कंपनियों द्वारा उत्पाद एवं नवाचार के साथ कृषि से जुड़े आधुनिक उपकरणों एवं तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। 110 वेरायटी का लाइव डेमो देखने को मिलेगा। संकल्प 2026 का उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर, जागरूक एवं सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करना है।

इस दौरान संजय गुप्ता, वितिष गुप्ता, मानसून गुप्ता, ऋषि गुप्ता, मनीष गुप्ता सहित काफी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही।

Categorized in: