क्षति की भरपाई परिसर रक्षक एवं परिक्षेत्र सहायक से करने के निर्देश

बलरामपुर। जिले के वन परिक्षेत्र शंकरगढ़ अंतर्गत मनोहरपुर बीट में अवैध जंगल कटाई का मामला सामने आया था। सूचना प्राप्त होने पर रेंजर शंकरगढ़ ने इसे त्वरित संज्ञान में लिया और वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देश एवं उपवनमंडलाधिकारी रवि शंकर लाल श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच दल गठित कर प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई गई है।

जांच के दौरान पाया गया कि अवैध कटाई की घटना परिसर रक्षक युधिष्ठिर राम एवं परिक्षेत्र सहायक राम प्रताप राही की लापरवाही के कारण हुई। इसका ग्रामीणों ने विरोध भी किया था। वनमंडलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिक्षेत्र सहायक युधिष्ठिर राम को निलंबित कर दिया है। घटना से शासन को हुई क्षति की भरपाई संबंधित परिसर रक्षक एवं परिक्षेत्र सहायक से करने के निर्देश दिए गए हैं। रेंजर शंकरगढ़ द्वारा प्रभावित क्षेत्र में भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु फेंसिंग एवं वृक्षारोपण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया है, जिस पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने की सामाजिक हस्तक्षेप की मांग

सरपंच और गांव के लोगों ने भी मामले में कड़ा विरोध जताते हुए छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष बसंत कुजूर को ज्ञापन सौंपा है और सामाजिक हस्तक्षेप करते हुए और गहन जांच करने की मांग की है।

Categorized in: