अंबिकापुर। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत संचालित प्लेस ऑफ सेफ्टी (बालक) से सोमवार की रात हत्या, बलात्कार, मारपीट व चोरी के मामले में शामिल 13 अपचारी बालक फरार हो गए। इनके द्वारा ड्यूटी पर मौजूद गार्ड के साथ मारपीट की घटना को भी अंजाम दिया गया था। मामला सामने आने के बाद पुलिस इनके खोजबीन में जुटी और 4 अपचारी बालकों को कब्जे में ले ली है। समाचार लिखे जाने तक 9 बालकों की तलाश जारी है।
बता दें कि विभिन्न अपराधों में शामिल अपचारी बालकों को बाल संप्रेक्षण गृह के अलावा गांधीनगर थाना क्षेत्र में स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी संस्था में भी रखा जाता है। यहां वर्तमान में करीब दो दर्जन अपचारी बालकों को रखा गया था। सोमवार की रात करीब 9 बजे ड्यूटी पर मौजूद गार्डों के द्वारा अपचारी बालकों को परिसर से कमरे में ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक 15 बालकों ने संभवत: सुनियोजित तरीके से दरवाजे को धक्का देकर गार्डों पर हमला कर दिया। गार्डों ने इन्हें नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन अपचारी बालक एक गार्ड के साथ मारपीट करने में लगे थे, जबकि दूसरे को कुछ लड़के पकड़ कर रखे थे। मारपीट के बाद पीछे के दरवाजे से सभी अपचारी बालक भागने में सफल हो गए। इसकी सूचना रात में ही संस्था प्रबंधन की ओर से गांधीनगर थाने में दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 4 अपचारी बालकों को कब्जे में लिया है, अन्य की तलाश जारी है। संस्था के कर्मचारी का कहना है कि फरार अपचारी बालकों के विरूद्ध हत्या, दुष्कर्म, चोरी व मारपीट के मामले दर्ज हैं। बहरहाल बड़ी संख्या में अपचारी बालकों के फरार होने की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस फरार बालकों के सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

 

Categorized in: