अंबिकापुर। सरगुजा जिले में चोरों की नजर विद्युत विभाग के द्वारा बिजली सप्लाई के लिए लगाए गए ट्रांसफार्मरों पर है। आए दिन चोरों के द्वारा ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त करके कभी केबल वायर तो कभी कॉपर वायर सहित अन्य कीमती सामानों को चोरी कर लिया जाता है, जिससे विभाग को तो क्षति पहुंच ही रही है, बिजली सप्लाई बाधित होने जैसी स्थिति बन रही है। ऐसे दो मामले में गांधीनगर ओर दरिमा थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है, जिसमें विद्युत विभाग को लाखों रुपये की क्षति पहुंची है। चोरों के द्वारा पूर्व में भी ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त करके बिजली बाधा की स्थिति बनाने जैसा कृत्य किया गया है, लेकिन आज पर्यंत ये गिरफ्त में नहीं आए हैं, जिससे इनके हौसले बुलंद हैं।
जानकारी के मुताबिक नमनाकला हाउसिंग बोर्ड रोड में पुराना पानी टंकी के पास 16 केव्हीए का ट्रांसफार्मर अलका आटा चक्की व सुकन्या गर्ल्स हॉस्टल के सामने पोल क्रमांक 03 पर विद्युत विभाग के द्वारा लगाया गया है। एक फरवरी की रात 11 बजे से दो फरवरी की सुबह करीब 6 बजे के बीच अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा ट्रांसफार्मर खोलकर कॉपर वायर की चोरी कर ली गई। इसकी जानकारी मिलने पर छत्तीसगढ राज्य विद्युत मण्डल के सहायक यंत्री को मिली और उन्होंने 3 फरवरी को थाना गांधीनगर में प्राथमिक सूचना दर्ज कराई है। चोरी की वारदात में कंपनी को लगभग 77971.19 रुपये की आर्थिक क्षति पहुंची है। गांधीनगर थाना पुलिस ने लिखित शिकायत पर अज्ञात के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
दूसरी घटना दरिमा विद्युत वितरण केन्द्र अंतर्गत हुई। यहां चोर निम्नदाब लाइन का एबी केबल चोरी करके ले गए। कनिष्ठ अभियंता विराजमान एक्का ने पुलिस को बताया है कि 31 जनवरी की रात 11 बजे से 02 फरवरी की सुबह 08 बजे के बीच ग्राम बरकेला, टपरकेला, नवापाराकला में लगे 1600 मीटर निम्न दाब फेस 3 और 4 के वायर, एबी केबल को काटकर अज्ञात चोर ले गए, जिससे विभाग को लगभग 2 लाख 12 हजार 177 रुपये की आर्थिक क्षति पहुंची है और क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बाधित हो गई। थाना क्षेत्र में पूर्व में भी निम्नदाब लाइन का केबल चोरी किया गया था। रिपोर्ट पर दरिमा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

 

Categorized in: