दमकल और पुलिस टीम की तत्परता से आसपास स्थित दुकान और घर रहे सुरक्षित

अंबिकापुर। सरगुजा जिला के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शांतिपारा में एनएच के किनारे स्थित अमित क्लॉथ में देर रात अचानक भीषण आग लगने से लाखों रुपये का कपड़ा जलकर खाक हो गया। देर रात दुकान से अचानक धुआं उठते कुछ लोगों ने देखा, फिर आग की लपटें उठने लगी। इसकी सूचना तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। दुकान में बड़ी मात्रा में कपड़े के बंडल और तैयार कपड़े रखे थे। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दुकान का अधिकांश सामग्री पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना में दुकान संचालक को लाखों रुपये की क्षति पहुंची है।
दमकल विभाग की टीम सूचना पर जब मौके पर पहुंची तो आग काफी फैल चुकी थी, कड़ी मशक्कत के बाद वे आग पर काबू पाए। समय रहते कार्रवाई होने से आसपास की अन्य दुकानों में आग नहीं फैल पाया। देर रात तक राहत एवं नियंत्रण का काम चलते रहा। आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
सीसीटीव्ही फुटेज खंगाल रही पुलिस
दुकानदार ने बताया कि इस अग्निकांड में उनका भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस आग लगने का कारण जानने के लिए आस-पड़ोस के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बतौली थाना पुलिस के अनुसार, अग्निकांड से संबंधित गवाहों के बयान लिए जा रहे हैं। वहीं दमकल अधिकारियों का कहना है कि आग इतनी तीव्र थी कि शुरुआती कुछ मिनटों में ही लगभग पूरा माल जलकर खाक हो गया। स्थानीय लोगों ने दमकल और पुलिस के सक्रियता को सराहा। देर होने पर आग फैलकर आसपास के घरों और दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।

Categorized in: