सूरजपुर। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश एवं मार्गदर्शन में प्रशासन द्वारा अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक एवं हल्का पटवारी की संयुक्त टीम द्वारा प्रतापपुर अनुभाग अंतर्गत कदमपारा, प्रतापपुर में कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम ने शिवधर ओझा के घर के पास खड़े वाहन स्वराज माजदा क्रमांक सीजी 15 डीएक्स 6949 की जांच की, जिसमें 290 जूट बोरियों में लगभग 116 क्विंटल धान लोड पाया गया। जांच के दौरान धान का भंडारण एवं परिवहन अवैध पाया गया, जिसे मंडी में विक्रय के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि शिवधर ओझा के नाम पर धान विक्रय हेतु कोई भी टोकन जारी नहीं किया गया है, साथ ही धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। वैध दस्तावेजों के अभाव में धान सहित वाहन को जब्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रात्रिकालीन कार्रवाई में 52 क्विंटल अवैध धान परिवहन पकड़ा गया
इसी क्रम में देर रात्रि लगभग 1ः00 बजे प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा पल्मा की ओर अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए दो पिकअप वाहनों को पकड़ा गया। जांच के दौरान दोनों पिकअप वाहनों में क्रमशः 60 एवं 70 बोरियों, कुल 130 बोरियों में लगभग 52 क्विंटल धान लोड पाया गया। मौके पर धान के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसके चलते धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई हेतु चौकी चेंद्रा को सुपुर्द किया गया। इस कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार भटगांव एवं चेंद्रा चौकी पुलिस की टीम मौके पर उपस्थित रही।

145.60 क्विंटल अवैध धान जब्त
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के नेतृत्व में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा प्रतापपुर अनुभाग अंतर्गत ग्राम ढ़ोंढ़ा में जांच कार्रवाई की गई। जांच के दौरान बसंत पिता रामप्रसाद के नाम पर तीसरे टोकन के अंतर्गत खरीदी कर भंडारित किए गए 350 बोरियों में कुल 145.60 क्विंटल धान को अवैध एवं अमानक पाया गया। मौके पर आवश्यक मानकों एवं नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर उक्त धान को जब्त किया गया। प्रकरण में खरीदी प्रभारी को पंचनामा प्रेषित करते हुए संबंधित टोकन निरस्त किया गया तथा नियमानुसार रकबा समर्पण हेतु निर्देशित किया गया है।

धान टोकन सत्यापन में अनियमितता, कुल 109 क्विंटल धान का रकबा समर्पण
राजस्व अधिकारियों द्वारा अनुभाग प्रतापपुर के अंतर्गत उप तहसील डांडकरवा के ग्राम बटई में धान खरीदी से संबंधित टोकनों का सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान सोनसाय पिता तपेश्वरी के नाम जारी 440 क्विंटल के टोकन में 59 क्विंटल धान कम पाया गया। टोकन के अनुसार धान की उपलब्धता नहीं होने पर नियमानुसार 59 क्विंटल धान के बराबर रकबे का समर्पण कराया गया। इसी क्रम में ग्राम बटई निवासी सुमंत पटेल के नाम जारी 150 क्विंटल के टोकन का भी सत्यापन किया गया, जिसमें मात्र 100 क्विंटल धान उपलब्ध पाया गया। शेष 50 क्विंटल धान के बराबर रकबे का समर्पण नियमानुसार कराया गया। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सतत सत्यापन एवं कार्रवाई की जा रही है।

धान खरीदी केंद्र रेवटी में अवैध धान खपाने का प्रयास विफल, 50 बोरी धान जब्त
प्रतापपुर क्षेत्र के धान खरीदी केंद्र रेवटी में कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार अनुपम पटेल का धान लाल बहादुर पटेल के ट्रैक्टर के माध्यम से रात्रि लगभग 8 बजे समिति परिसर में लाया गया। जांच के दौरान धान को अवैध रूप से खपाए जाने का प्रयास पाया गया, जिसके चलते नियमानुसार 50 बोरियों में भरे धान को जब्त किया गया।

 

Categorized in: