एसईसीएल का सेवानिवृत्त कर्मचारी हुआ था ठगी का शिकार

अंबिकापुर। जमीन का फर्जी एग्रीमेंट दस्तावेज भू-स्वामी के जानकारी में दिए बगैर तैयार करवाने और 78 लाख 97 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में लंबे समय से फरार आरोपी को गांधीनगर थाना एवं साइबर सेल अंबिकापुर की संयुक्त टीम ने घेराबंदी करके गिरफ्तार किया।
जानकारी के मुताबिक सत्तीपरा अंबिकापुर स्थित एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वर्ष 2020 में उसके पति एसईसीएल भटगांव से सेवानिवृत्त हुए, इसके बाद आवेदिका व उसके पति अंबिकापुर के आसपास फार्म हाउस व मकान बनाने हेतु जमीन खरीदने की योजना बनाए थे। इसके बाद उनका परिचय निकुंज गुप्ता से हुआ, जो दत्ता कॉलोनी अंबिकापुर में रहता है। निकुंज उक्त महिला को रॉयल पार्क कॉलोनी के पीछे ले गया और करीब पौने दस डिसमिल जमीन दिखाकर उक्त जमीन अनिल अग्रवाल का होना बताया। साथ ही कहा कि भूमि स्वामी अनिल की बहन को कैंसर हो गया है, उसके ईलाज के लिए वह जमीन बेच रहा है। इसके बाद उक्त जमीन का एग्रीमेंट अपने नाम से कराकर रखने की बात कहा और विश्वास दिलाया कि वह जमीन का सीधे रजिस्ट्री करा देगा, कोई दिक्कत नहीं होगा। इसके बाद जमीन बिक्री हेतु 2,10,000 रुपये प्रति डिसमिल के हिसाब से सौदा तय हुआ और वह अलग-अलग तिथि में एडवांस रकम प्राप्त करके रजिस्ट्री की बात को टालते रहा। मार्च 2019 तक महिला ने निंकुज गुप्ता को कुल 17 लाख 5 हजार रुपये दे दिया। इसके बाद भी रजिस्ट्री नहीं करने पर जब महिला आपत्ति की तो वह भूमि स्वामी की बहन के बहुत ज्यादा सीरियस होने की बात कहकर रजिस्ट्री के लिए टालते रहा। इसके बाद निंकुज गुप्ता महिला को बताया कि टाइम आउट सिनेमा के सामने करीब 2 एकड़ 37 डिसमिल जमीन दो राजवाड़े भाई बेच रहे हैं, और वह जमीन को लेने के लिए इन्हें राजी कर अलग-अलग तिथि को जमीन का एडवांस रकम किसी ना किसी बहाने प्राप्त करते रहा, और रजिस्ट्री के लिए टालते रहा। निकुंज गुप्ता पिता बालकेश्वर गुप्ता व अन्य के द्वारा जमीन बिक्री करने का झांसा देकर छलपूर्वक 78 लाख 97 हजार रुपये प्राप्त करने के संबंध में प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध धारा 420, 467, 468, 471 भादंसं पंक्तिबद्ध करके विवेचना में लिया था। इधर आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
घेराबंदी करके आरोपी तक पहुंची पुलिस
मुखबिर से मिली सूचना पर थाना गांधीनगर एवं साइबर सेल अंबिकापुर की संयुक्त टीम ने घेराबंदी करके रेड कार्रवाई की और आरोपी निकुंज गुप्ता पिता बालकेश्वर गुप्ता 44 वर्ष, निवासी शनि मंदिर के आगे को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने महिला को जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करना स्वीकार किया। विवेचना में अग्रिम कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, उप निरीक्षक नवल किशोर दुबे, साइबर सेल प्रधान आरक्षरक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, बंधु सारथी, आरक्षक जितेश साहू, रमेश राजवाड़े, राहुल केरकेट्टा, अमन पुरी, राहुल सिंह, महिला आरक्षक प्रिया रानी, सरस्वती सिंह, मोती केरकेट्टा सक्रिय रहे।

Categorized in: