मनेन्द्रगढ़ (शुद्धूलाल वर्मा) ! दो दिन पहले हुई एक महिला की हत्या के मामले में रविवार को मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में महिला का पति ही उसका हत्यारा निकला जो वारदात के बाद मौके से फरार हो गया था जिसे पुलिस ने ढुलकू के जंगल में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। पत्नी के शराब पीने की लत ने पति को कातिल बना दिया! मनेंद्रगढ़ थाना के बिहारपुर इलाके में 4 सितंबर को हुए इस हत्याकांड की मुख्य वजह शराब ही रही।रविवार को दोपहर में मामले का खुलासा करते हुए थाना प्रभारी मनेंद्रगढ़ सचिन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 सितंबर को मनेंद्रगढ़ पुलिस को जानकारी मिली कि बिहार पुर में एक महिला अपने ही घर में मृत हालत में पड़ी है। इस पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर घटनास्थल पर टीम भेजी गई जहां मृतका सुमित्रा सिंह का शव उसके ही घर में पड़ा मिला।घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर एवं शव परीक्षण उपरांत थाना मनेन्द्रगढ़ में धारा 302 भारतीय दंड विधान के तहत मामला कायम कर विवेचना में लिया गया। घटना के बाद से ही मृतका का पति मौके से फरार था। इस पर तत्काल पुलिस अधीक्षक कोरिया चंद्र मोहन सिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ पंकज शुक्ला को अवगत कराया गया तथा आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी की गई।अनुविभागीय अधिकारी पुलिस करण कुमार उके के नेतृत्व में एक टीम तैयार कर आरोपी की पतासाजी आसपास के क्षेत्रों में की गई।इस दौरान ग्राम वासियों से सूचना मिली की एक व्यक्ति जो संदेही आरोपी की कद काठी का है ढुलकू के जंगलों में आसपास के लोगों से खाना मांगने और आश्रय लेने के लिए घूम रहा है।सूचना पर तत्काल टीम को रवाना किया गया जहां घेराबंदी कर पुलिस ने ढुलकु के जंगल से आरोपी रामसेवक पिता स्वर्गीय राम सिंह जाति गौड़ उम्र 52 वर्ष निवासी बिहारपुर को पकड़ लिया ।आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी शराब पीने की आदी थी और हमेशा ही झगड़ा विवाद भी करती थी। 3 सितंबर 2020 को भी अपने पति को बिना बताए कहीं चली गई थी और रात को 10 बजे शराब के नशे में घर आई जिस पर दोनों के बीच में फिर से विवाद होने लगा।रोज रोज के विवाद से तंग आकर गुस्से में आरोपी रामसेवक द्वारा घर में पड़े डंडे से मृतिका को मारा जिससे उसकी मौत हो गई औरआरोपी फरार हो गया।आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा को पुलिस द्वारा जप्त कर लिया गया है और आरोपी रामसेवक निवासी बिहारपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। उक्त कारवाही में थाना प्रभारी सचिन सिंह, सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी, आरक्षक इस्तियाक खान, जितेंद्र ठाकुर, राकेश शर्मा, आनंद प्रताप सिंह, पुरुषोत्तम बघेल एवं रवि सिंह का सराहनीय भूमिका रही।

Categorized in: