किशोरी की हत्या करके लाश दफनाने वाला नाबालिग प्रेमी गिरफ्तार  

आरोपी के निशानदेही पर 3 माह बाद मृतिका का कंकाल और कपड़ा बरामद

मृतिका अंबिकापुर में सहेली के साथ किराए के मकान में रहकर करती थी काम

अंबिकापुर। शहर के गांधीनगर थाना अंतर्गत पटपरिया में सहेली के साथ किराए के मकान में रहकर काम करने वाली तीन माह पहले गायब हो गई थी, काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर इसकी रिपोर्ट स्वजन गांधीनगर थाना में दर्ज कराए थे। विवेचना में लगी पुलिस को जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा था, लेकिन प्रेमी का पता लगाने में लगातार असफलता मिल रही थी। गायब किशोरी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ रहने के कारण भी गुत्थी अनसुलझी थी। गुमशुदगी का मामला सुलझाने के प्रयास में लगी पुलिस, गायब किशोरी का मोबाइल चालू होने के बाद आरोपी प्रेमी तक पहुंचने में सफल हुई। नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ की तो उसने प्रेमिका की हत्या करके शव को नाले में दफन कर देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर बतौली थाना क्षेत्र के चिरंगा नाले के पास से युवती का शव बरामद किया, जो कंकाल के रूप में तब्दील हो गया है। पुलिस ने किशोरी के कपड़े व कंकाल को बरामद कर लिया है।


जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना अंतर्गत ग्राम इंजानी की 17 वर्षीय किशोरी अंबिकापुर के पटपरिया में किराए के मकान में सहेली के साथ रहकर काम करती थी। इस दौरान उसका परिचय लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम ससौली निवासी नाबालिग लड़के से हुआ। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी और वह उसके किराए के रूम में आना-जाना भी करता था। तीन अगस्त को किशोरी की सहेली अपने गांव गई थी, इस दौरान प्रेमी उससे मिलने के लिए आया था। किशोरी ने उस पर शादी करने के लिए दबाव बनाया, तो वह दोनों के नाबालिग होने का हवाला देकर किसी तरह उसे मना लिया। इस दौरान हुई दोनों के बीच बातचीत के बाद वह उसे अपनी बाइक में बैठाकर घुमाने ले गया। दोनों बतौली थाना क्षेत्र के बुढ़ाआमा पिकनिक स्पॉट पर गए थे। यहां से लौटने के दौरान किशोर गला दबाकर अपनी प्रेमिका की हत्या कर दिया, और शव को बतौली थाना क्षेत्र के चिरंगा जंगल में नाले के पास दो चट्टानों के बीच फेंककर दफना दिया था। इसके बाद वह अपने गांव लौट आया था, और किशोरी का मोबाइल स्विच ऑफ करके अपने पास रखा था। किशोरी का पता नहीं चलने पर स्वजन गांधीनगर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए थे। पुलिस जांच में जुटी थी और लगातार किशोरी के मोबाइल फोन का लोकेशन ट्रेस कर रही थी। किशोरी का मोबाइल बंद बताने के कारण पुलिस को कुछ भी सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल को ट्रेस पर लगा दिया था।

मोबाइल में सिम लगाने के साथ एलर्ट हुई पुलिस
प्रेमी ने किशोरी के मोबाइल पर दूसरा सिम लगाया, और पुलिस को आरोपी प्रेमी तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस ने संदेही को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने हत्या करके प्रेमिका का शव दफन करना स्वीकार किया। पुलिस आरोपी को मौके पर लेकर पहुंची और किशोरी के कंकाल, कपड़ों को जप्त कर लिया है।

Categorized in: