बलरामपुर संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व प्रकरण, पीएम जनमन, सहित विभिन्न कार्यक्रमों, योजनाओं एवं आकांक्षी विकासखंड अंतर्गत गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई।
जिला पंचायत सीईओ ने प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण कार्य में तेजी लाकर शीघ्र पूर्ण कराएं। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने पीएम जनमन अंतर्गत की जा रही गतिविधियों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए और स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने राजस्व प्रकरणों के निराकरण एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने नामांतरण, खाता बटांकन, अभिलेख शुद्धता सहित न्यायालयीन प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक सेवा गारंटी के लंबित आवेदनों के निराकरण में भी तेजी लाने को कहा।
बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने राशन दुकानों में खाद्यान्न भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। सीईओ श्रीमती तोमर ने एनआरसी के संचालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इसके बेहतर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड में प्रगति लाने के निर्देश भी दिये।

Categorized in: