बीए, बीएससी एवं बीसीए अंतिम वर्ष के छात्र परीक्षा परिणाम सामने आने के बाद हैरान
महाविद्यालयीन छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आजाद सेवा संघ लगाया आरोप
अंबिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय द्वारा सत्र 2024-25 में आयोजित वार्षिक परीक्षाओं के हाल में घोषित परिणामों में बीए, बीएससी एवं बीसीए अंतिम वर्ष के छात्रों को एक विषय में शून्य अंक देने का मामला तूल पकड़ लिया है।
छात्रों और आजाद सेवा संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा के नेतृत्व एवं छात्र मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता की उपस्थिति में बड़ी संख्या में छात्रों ने कुलपति से मुलाकात करके उन्हें अवगत कराया कि बीएससी फाइनल व बीसीए फाइनल इयर के गणित विषय में और बीसीए फाइनल इयर के जावा विषय में कई छात्रों को शून्य अंक दिए गए हैं। एक ही क्लास के 90 प्रतिशत छात्रों को अनुत्तीर्ण कर देना चांैकाने वाला विषय है। छात्रों ने जोर देकर कहा कि वे परीक्षा के परिणाम से पूरी तरह असंतुष्ट हैं। परीक्षा में सही उत्तर लिखने के बावजूद उन्हें इस तरह का परिणाम थमाया गया है। संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने कहा कि विश्वविद्यालय ने छात्रों का परीक्षा परिणाम जारी करने में पहले ही काफी देरी की है। संभाग के अधिकांश महाविद्यालयों में इसी प्रकार की समस्याएं पाई गई हैं, जो जांच का विषय है। उन्होंने इसे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया, क्योंकि इस प्रकार के त्रुटिपूर्ण परिणाम न केवल विद्यार्थियों के मनोबल को तोड़ता है, बल्कि उनके आगे की शिक्षा और करियर की संभावनाओं को भी प्रभावित करता है। विश्वविद्यालय द्वारा पिछले सत्र में भी इसी प्रकार छात्रों को शून्य अंक दे दिया गया था, जिससे कई छात्रों का भविष्य पर असर पड़ा है। संघ ने इसे संज्ञान में लेकर उच्चस्तरीय, निष्पक्ष जांच समिति का गठन करने की मांग की है, और संबंधित उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराने, अनियमितता के मूल कारणों की गहनता से जांच समिति से कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपेक्षा व्यक्त की गई है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर पी.पी. सिंह ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए समिति का गठन करके विश्वास दिलाया है कि छात्रहित में ही फैसला लिया जाएगा।

Categorized in: