पुलिस को बुलेट सहित 3 मोटरसायकल व चोरी के जेवरात बरामद करने में मिली सफलता
अंबिकापुर। चोरी के मामलों में थाना मणिपुर पुलिस टीम ने 03 शातिर अपराधियों से 6 लाख का सामान जप्त किया है। आरोपियों के द्वारा शहर के सूने मकान में चोरी सहित मोटरसायकल चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपियों के विरूद्ध थाना शंकरगढ़ में कई चोरी के आपराधिक प्रकरण दर्ज हंै।
बाबुपारा गौरवपथ रोड निवासी शांता गढावा ने 20 जून को थाना मणिपुर में 14 जून की रात को सूने मकान के अंदर घुसकर बुलेट मोटरसायकल क्रमांक सीजी 15 ईबी 0855 अलमारी तोड़कर एक जोड़ी सोने का टप्स, दो जोड़ी चांदी का कंगन, नगदी 80 हजार रुपये चोरी करके ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के समय वे घर के दरवाजा में ताला लगाकर उड़ीसा मेला में कप-प्लेट बेचने गए थे। 20 जून को वापसी के बाद उन्हें चोरी का पता चला। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध किया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करके चोरों के तलाश में लगी थी। इसी दौरान पुलिस को दो लोगों के द्वारा बुलेट मोटरसायकल बेचने की सूचना मिली। पुलिस ने साकिर अंसारी पिता सत्तार अंसारी 22 वर्ष निवासी कुसमी व प्रकाश पनिका पिता पप्पू पनिका 24 वर्ष निवासी धौराटिकरा थाना बैकुण्ठपुर, दोनों का हालिया ठिकाना भगवानपुर अंबिकापुर को पकड़ा और इनके निशानदेही पर किराए के रूम से बुलेट मोटरसायकल, नीले रंग का पल्सर मोटरसायकल, सोना चांदी व बैग, एम्पलीफायर जप्त किया। पूछताछ में इन्होंने 14 जून को भगवानपुर दास कॉलोनी में एक घर का ताला तोड़कर पल्सर बाइक क्रमांक सीजी 15 डीजेड 0842 चोरी करना, 19 जून को चोरी की बाइक से बस स्टैण्ड अंबिकापुर के पास सूने मकान का ताला तोड़कर अलमारी से जेवर, कपड़ा, बैग, कंगन, बुलेट मोटरसायकल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी 22 जून को कुसमी से वापस अंबिकापुर आते समय शंकरगढ़ के पास से एक पल्सर मोटरसायकल क्रमांक सीजी 15 डीएफ 8109 को चोरी करके पूर्व परिचित प्रिंस सोनी निवासी गढ़वा को चार नग सोने जैसा दिखने वाले कंगन के साथ 5 हजार रुपये में बेच दिए थे। आरोपियों के निशानदेही पर पुलिस ने खरीददार प्रिंस सोनी उर्फ मोहन सोनी पिता सुरेश प्रसाद सोनी 30 वर्ष निवासी टंडवा गढ़वा झारखण्ड को हिरासत में लिया और उसके कब्जे से मोटरसायकल व 04 नग सोने जैसा कंगन बरामद किया है। चुराई हुई संपत्ति को खरीदने वाले आरोपी के विरूद्ध धारा 317(2) बीएनएस जोड़कर इन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। थाना शंकरगढ़ के धारा 303(2) बी.एन.एस. प्रकरण में क्षेत्रीय पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है। आरोपी साकिर बेहद ही शातिर एवं आदतन अपराधी किस्म का युवक है। इसके विरुद्ध थाना शंकरगढ़ में कई चोरी के प्रकरण दर्ज हंै। कार्रवाई में थाना प्रभारी मणिपुर निरीक्षक अश्वनी सिंह, सहायक उप निरीक्षक अनिल पांडे व शौकी लाल राज, आरक्षक उमाशंकर साहू, कुश सोनी, अनिल सिंह, थाना गांधीनगर से महिला प्रधान आरक्षक मेविश ज्योत्सना खाखा, आरक्षक बृजेश राय, सत्यम सिंह, साइबर सेल से आरक्षक विकास मिश्रा, रमेश राजवाड़े सक्रिय रहे।

Categorized in: