युवा कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर सरगुजा को सौंपा ज्ञापन
अंबिकापुर। शहर की वर्षों से उपेक्षित पड़ी सड़कों की खतरनाक स्थिति को लेकर युवा कांग्रेस सरगुजा के आतिफ रजा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर को शहर के सड़कों की बदहाली, यातायात में हो रही परेशानी, आए दिन हो रही दुर्घटनाएं और आम नागरिकों की कठिनाइयों से अवगत कराया गया है। विशेष रूप से खरसिया रोड और रामानुजगंज रोड की हालत को ज्ञापन में चिन्हित किया गया। अत्यधिक ट्रैफिक के बीच सड़कें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दोपहिया वाहन के चालकों को गंभीर परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है, ट्रैफिक जाम की समस्या आम है। साथ ही बस स्टैंड रोड, स्कूल रोड, देवीगंज रोड, पोस्ट ऑफिस रोड, जिला अस्पताल मार्ग सहित अन्य कई महत्वपूर्ण मार्गों की स्थिति भी बेहद खराब है। इसका खामियाजा मरीजों, स्कूली बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ज्ञापन में खरसिया रोड के मरम्मत और रामानुजगंज रोड का पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई है। अन्य सभी प्रमुख मार्गों का निरीक्षण करके सुधार करने, स्थायी समाधान हेतु गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ सड़क बनाने, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की टीम द्वारा संयुक्त निरीक्षण करने व सड़क निर्माण कार्य की समयसीमा घोषित कर सार्वजनिक करने का आग्रह किया गया है। आतीफ रज़ा ने बताया कि शहर की हर सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। उनके द्वारा 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया गया है, यदि इस अवधि में मरम्मत कार्य शुरू नहीं होता है, तो युवा कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन करते हुए चक्काजाम, घेराव, धरना, प्रदर्शन करेगी। युवा कांग्रेस ने शहरवासियों से दलगत भावनाओं से दूर इस अभियान में साथ देने और सड़क सुधार की लड़ाई को मजबूती प्रदान करने का आग्रह किया है।
कलेक्टर ने लिया त्वरित संज्ञान में
कलेक्टर विलास भोस्की ने शहर के सड़कों की दुर्दशा को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि 24 घंटे के भीतर सड़क मरम्मत कार्य प्रारंभ करवा दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने नेशनल हाइवे अथॉरिटी और संबंधित निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि अंबिकापुर शहर के सभी प्रमुख मार्गों का तत्काल निरीक्षण कर कार्रवाई प्रारंभ की जाए।

Categorized in: