छत का दरवाजा क्षतिग्रस्त करके दुकान के अंदर किए प्रवेश
अंबिकापुर। मणिपुर थाना अंतर्गत ग्राम लोधिमा मुख्य मार्ग में स्थित दुकान में घुसे चोरों ने नकदी सहित करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना को चोरों ने मंगलवार को अलसुबह 3 बजे के लगभग अंजाम दिया। सीसीटीवी में चोरों की करतूत कैद हो गई है। पुलिस मौके का निरीक्षण करने के बाद अग्रिम जांच, कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक लोधिमा में शिव मंदिर के बगल में स्थित विनय विश्वकर्मा के मकान, दुकान को किराए में लेकर रूपेश सोनी के द्वारा आरती ट्रेडर्स का संचालन किया जा रहा है। रोजाना की भांति दुकान बंद करके संचालक रात करीब 8.30 बजे अपने घर चले गए थे। मंगलवार को सुबह 7 बजे दुकान खोलने पहुंचे, तो सामने शटर में ताला पूर्ववत बंद था। शटर खोलकर अंदर जाने पर काउंटर सहित दुकान का पूरा सामान बिखरा हुआ मिला। चोर छत में लगे लोहे के दरवाजा को सब्बल से क्षतिग्रस्त करके सीढ़ी के रास्ते से ग्राउंड फ्लोर में पहुंचे थे, इसके बाद लकड़ी के दरवाजे को तोड़कर दुकान के अंदर तक आ गए। दुकान के अंदर से कीमती सामानों को सहेजने के बाद चोर छत के रास्ते से दुकान के बगल में स्थित खाली जगह पर फेंके गए सामानों को बटोरकर निकल लिए। दुकान संचालक ने जब सीसीटीवी को खंगाला तो अलसुबह 3.10 बजे तीन चोर दुकान में घुसकर सामानों को सहेजते और सीढ़ी के रास्ते से सामानों को ले जाते नजर आए, जो अपने चेहरे को ढककर रखे हैं। दुकान संचालक ने बताया कि चोर दुकान में रखे अधिकतर कीमती सामानों को ही ले गए हैं। चोरी गए सामानों में रिफाइन, सरसों तेल, सिगरेट, गुटका, बिस्किट, चाकलेट सहित कई सामान शामिल हैं। चोरी गए सामानों की कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है, इसके अलावा काउंटर में रखा 8 हजार रुपये भी चोर ले गए। मणिपुर थाना पुलिस सीसीटीवी का फुटेज लेकर चोरों के तलाश में जुट गई है।

Categorized in: