छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में इंस्ट्राग्राम में दोस्ती, प्यार और फिर शारीरिक संबंध बनाने के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। । इंस्ट्राग्राम में दोस्ती करते वक्त रायपुर की रहने वाली सुनीता ने सोचा भी नहीं होगा कि जिस प्रेमी ने उसके लिए दुनिया से लड़ने की कसमे खाई थी , वही उसे दुनिया से विदा करने का कारण होगा । सुनीता के प्रेमी ने न सिर्फ उसे मौत के घाट उतारा बल्कि उसके 8 साल के मासूम बेटे को भी मार डाला।

एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि रायपुर की रहने वाली सुनीता चतुर्वेदी अपने 8 साल के बेटे काव्यांश के साथ रहती थी। दो साल पहले इंस्ट्राग्राम पर उसकी दोस्ती छत्रपाल सिंगौर से हुई। चूंकि सुनीता के पति की मौत हो गई थी, इसलिए वह छत्रपाल के करीब आ गई। दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। इसी दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बने। इसी बीच छत्रपाल ने उससे शादी करने और बच्चे को अपनाने की बात भी कही। सुनीता बार-बार उसे अपने साथ रखने की जिद भी करती रही।

पुलिस के मुताबिक डेढ़ महीने पहले छत्रपाल ने किसी और से शादी कर ली। इसका पता सुनीता को चल गया। वह फिर से उसके साथ रहने की जिद करने लगी। इधर सुनीता के साथ रखने के बढ़ते दबाव को देख छत्रपाल ने अपने चचेरे भाई शुभम के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई। 18 जून को छत्रपाल अपनी स्कूटी में सुनीता और उसके बेटे को लेकर गांव आ गया और खार में ले गया। यहां दोनों ने मिलकर सुनीता और उसके बेटे का गला दबाकर हत्या कर दी।

अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर आरोपी छत्रपाल ने सुनीता और उसके 8 साल के बेटे काव्यांश का गला घोंटकर हत्या की। फिर दोनों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें बोरे में डाला और कुएं में फेंक दिया। जब गांव में पुलिस कुएं से शव निकालने पहुंची तो गांववालों के बीच खड़े होकर दोनों आरोपी तमाशा भी देखते रहे। सोमवार को दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल ने इस मामले का खुलासा किया।

रायपुर से लगे अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हिरया में रहने वाले बजरंग महिलांग की बाड़ी में बने हुए कुएं से कुछ महिलाएं पानी भरने गई। कुएं से आ रही बदबू से वे परेशान हो गईं। कुएं के अंदर झांककर देखा तो एक बोरी नजर आई। इसके बाद गांव के कोटवार तक यह खबर पहुंची। कोटवार ने पुलिस को बुलाया। पुलिस की टीम ने जब कुएं से उस बोरे को बाहर निकाला तो उसके अंदर एक बच्चे का शव मिला, जिसके हाथ-पैर बंधे हुए थे।

गांववालों ने देखा कि नजदीक में बने दूसरे कुएं में भी एक बोरा नजर आ रहा है। जब पुलिस ने उसे निकलवाया तो उसमें एक महिला का शव मिला। शवों की स्थिति को देख पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। 12 एक्सपर्ट की टीम बनाई गई। टीम ने जब गांव में तफ्तीश की तो चंद घंटों में आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए।

Categorized in: