एक पीड़ित की होम आइसोलेशन से हुई छुट्टी, पीड़ितों में सामान्य लक्षण मिले
अंबिकापुर। सरगुजा में कोरोना के केस दिनों-दिन बढ़ रहे हैं। नौ दिन के अंतराल में कोरोना के 6 पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। पॉजिटिव में 4 स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी हैं, 2 अन्य शामिल हैं। इनमें से 4 का ट्रैवलिंग हिस्ट्री बिलासपुर व रायपुर होना सामने आया है। शुक्रवार को सामने आए नर्सिंग स्टॉफ का कोई ऐसा ट्रैवलिंग हिस्ट्री सामने नहीं आया है।
बता दें कि सरगुजा जिला के लखनपुर में पहला कोरोना पॉजिटिव केस 12 जून को हुई आरटीपीसीआर की जांच रिपोर्ट 13 जून को मिलने के बाद सामने आया था, जो स्वास्थ्य विभाग का ही कर्मचारी था। इसके बाद 13 जून को हुई आरटीपीसीआर जांच में मेडिकल कॉलेज का एक कर्मचारी पॉजिटिव मिला। इसके बाद सामने आए आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक स्वास्थ्य विभाग से 4 कर्मचारी व 2 अन्य कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं। सभी मरीजों में कोरोना के सामान्य लक्षण होने के कारण इन्हें होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है। परिवार या अन्य लोगों से सात दिनों तक संपर्क नहीं रखते हुए सावधानी बरतने कहा गया है। शनिवार को एक कोराना पॉजिटिव के स्वस्थ्य होने की सूचना मिलने के बाद उसे होम आइसोलेशन से मुक्त कर दिया गया है। कोरोना के बढ़ते मरीजों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूर्व तैयारी कर ली गई है, अगर गंभीर मरीज पाए जाते हैं तो उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल के कोविड आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया जाएगा। कोरोना से पीड़ितों का पता चले, इसे देखते हुए प्रतिदिन 10 से 12 मरीजों का आरटीपीसीआर जांच कराया जा रहा है। एक जून से अभी तक लगभग करीब 250 मरीजों की जांच कोरोना की संभावनाओं के आधार पर की गई है।
सर्दी-खांसी, बुखार होने पर जांच में कोताही नहीं बरतें
नोडल अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता का कहना है कि सर्दी-खांसी, बुखार से पीड़ित अगर दवा खाने के बाद भी ठीक नहीं हो रहे हंै तो आरटीपीसीआर जांच मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लैब में नि:शुल्क कराएं और पॉजिटिव आने पर कोविड के नियमों का पालन करें। मास्क पहनें, सार्वजनिक जगहों पर जाने से परहेज करें। हाथ को साबुन और पानी से बार-बार धोएं। खानपान की चीजों में भी मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतनी चाहिए।
केस बढ़ने के साथ स्वास्थ्य अमला सजग
कोरोना पॉजिटिव केस में अस्पताल के कर्मचारियों की अधिकता के बाद अस्पताल प्रबंधन सजग हो गया है। सभी कर्मचारी सजगता बरतते हुए मास्क पहनकर काम करें, इसके प्रारंभिक निर्देश दिए गए हैं। सभी नर्सिंग स्टॉफ को भी ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने कहा गया है।

Categorized in: