बलरामपुर। जिला मुख्यालय बलरामपुर के स्वामी आत्मानंद विद्यालय परिसर में जिला प्रशासन एवं दीन-हीन सेवा समिति के संयुक्त तत्वधान में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। इस शिविर का उद्देश्य क्षेत्र वासियों एवं जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का उपचार अपने ही जिले में प्राप्त कर सकें। इस मेगा स्वास्थ्य शिविर में प्रदेश के आदिम जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम शामिल हुए। इस दौरान कलेक्टर राजेन्द्र कटारा, रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य कृष्णा गुप्ता, जिला पंचायत उपाध्यक्ष, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे।

मेगा स्वास्थ्य शिविर को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री नेताम ने कहा कि आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे विश्व में मनाया जा रहा है। योग हमें निरोग बनाता है, इसलिए हर व्यक्ति को प्रतिदिन योग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज जिला प्रशासन एवं दीन-हीन सेवा समिति के सहयोग से विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने जिले की भौगोलिक चुनौतियों को दर्शाते हुए कहा कि अंतिम छोर में बसा बलरामपुर-रामानुजगंज जिला पहाड़ों एवं वनांचलो से घिरा हुआ है।

यहां दूरस्थ एवं सुदूर क्षेत्रों में गांव बसे हुए हैं। इन्हीं गांवों के लोगों के लिए यह विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। गांव के लोग आर्थिक समस्या और दूरी के कारण गंभीर बीमारियों का ईलाज कराने के लिए बड़े अस्पतालों में नहीं जा पाते हैं, उनके लिए प्रशासन एवं दिन हीन समिति के संयुक्त प्रयास से ऐसी व्यवस्था की गई है कि विशाल स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से लोगों को उनके क्षेत्र में ही विशेषज्ञ डॉक्टरों से बेहतर उपचार सुविधा मिले।

Categorized in: