अंबिकापुर। थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने साइबर ठगी के मामले में प्रयुक्त दो म्यूल खाता धारकों को गिरफ्तार करके ठगी की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है। इनके द्वारा म्यूल एकाउंट के जरिए देश के अलग-अलग राज्यों से संबंधित मामलों में रकम लेन-देन की घटना कारित की गई थी। इन्होंने साइबर ठगी का 2 लाख रुपये से अधिक रकम प्राप्त किया था। मामले में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं, जिनके तलाश में पुलिस लगी है।
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची के अनुसार म्यूल एकाउंट धारकों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई करने पुलिस मुख्यालय रायपुर से दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हंै, इसी क्रम में म्यूल एकाउंट धारक विनोद प्रधान के खाता में ऑनलाइन फ्रॉड की रकम प्राप्त करने की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने थाना गांधीनगर पुलिस टीम को कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम ने उक्त खाते का बैंक स्टेटमेंट प्राप्त किया तो सामने आया कि कुल 6 शिकायतों में देश के अलग-अलग राज्य से संबंधित ऑनलाइन साइबर ठगी का कुल 2 लाख 6 हजार 962 रुपये विनोद प्रधान के खाते पर आया है। पुलिस ने खाताधारक विनोद प्रधान पिता सुभाष प्रधान 26 वर्ष निवासी कोलतापारा नवानगर, थाना दरिमा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह बताया कि उसे जान-पहचान के युवक राहुल सिंह निवासी बाबूपारा अंबिकापुर ने ऑनलाइन गेम का रकम लेन-देन करने के लिए खाता खुलवाने के बदले प्राप्त राशि का हिस्सा देने के लिए कहा गया था, इसके बाद उसका आईडीबीआई बैंक अंबिकापुर में खाता खुलवाया गया। बाद में उसका पासबुक एवं एटीएम राहुल सिंह अपने पास रख लिया था और राहुल से खाता खुलवाने के बाद वह 8-10 हजार रुपये प्राप्त किया था। आरोपी के कथन के आधार पर पुलिस ने आरोपी राहुल सिंह पिता स्व. मनोज सिंह 29 वर्ष निवासी बाबूपारा से घटना के संबंध में पूछताछ की तो उसने विनोद के नाम पर खाता खुलवाकर रकम का लेन-देन करने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी विनोद प्रधान से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, पासबुक एवं आरोपी राहुल सिंह से आधार कार्ड, पेनकार्ड, मोबाइल व म्यूल एकाउंट का पासबुक जप्त किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक गौरव कुमार पाण्डेय, साइबर सेल से सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक विपिन तिवारी, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक केवल साहू, मोती केरकेट्टा, वीरेंद्र पैकरा, अनुज जायसवाल, रमेश राजवाड़े, अशोक यादव, लालदेव पैकरा, जितेश साहू, मनीष सिंह सक्रिय रहे।

Categorized in: