रायपुर के वीर नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तब अफरा-तफरी मच गई, जब इंडिगो की फ्लाइट के लैंड करने के 30 मिनट बाद तक विमान का दरवाजा नहीं खुला। इस दौरान फ्लाइट में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल भी फंसे रहे।

रायपुर में दिल्ली से आने वाली फ्लाइट 6E 6312 में लैंडिंग के समय तकनीकी खराबी आ गई, जिससे यात्री करीब 30 मिनट तक विमान के अंदर फंसे रहे। फ्लाइट दोपहर 2:25 बजे सुरक्षित तरीके से लैंड कर गई थी, लेकिन गेट में आई किसी तरह की खराबी के कारण विमान का दरवाजा नहीं खुला। इस कारण विमान सवार यात्रियों को समय पर नहीं उतारा नहीं जा सका। विमान में भूपेश बघेल के अलावा विधायक चतुरी नंद और रायपुर की मेयर मीनल चौबे भी सवार थीं।

यह घटना रायपुर के वीर नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान के उतरने के बाद हुई। जब चालक दल ने विमान से उतरने के लिए दरवाजा खोलने की कोशिश की, तो मेन गेट नहीं खुला। विमान के केबिन की स्क्रीन, जो दरवाजे के सिस्टम से जुड़ी हुई थी, उसमें कोई संकेत नहीं दिख रहा था। जिससे गेट को तुरंत खोलना असंभव हो गया।

कई नेता थे मौजूद
रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने बताया कि बुधवार को दिल्ली से रायपुर हवाई अड्डे पर पहुंचे इंडिगो के विमान का दरवाजा नहीं खुलने के कारण यात्री 30 मिनट से अधिक समय तक विमान में बैठे रहे। विमान में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अन्य नेता भी मौजूद थे। हालांकि, हवाई अड्डे के अधिकारियों ने इस घटना के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी होने से इनकार किया है।

चौबे ने बताया, ‘‘विमान के चालक दल के सदस्य लगातार गेट खोलने की कोशिश कर रहे थे। 30 मिनट के बाद, हमने उन्हें (चालक दल के सदस्यों) बाहर के लोगों की मदद लेने के लिए कहा। फिर जमीन पर मौजूद लोगों ने बाहर से गेट खोला, फिर हम निकल पाए।

Categorized in: