सुकमा के कोंटा में नक्सलियों के आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आकर कोंटा डिविजन के एडिशनल एसपी आकाश राव गिरिपुंजे शहीद हो गए हैं। घटना में कोंटा टीआई सोनल ग्वाला घायल हैं। मौके के लिए फोर्स को रवाना किया गया है।

नक्सलियों ने कल यानी 10 जून को भारत बंद का आह्वान किया था, इसे लेकर एएसपी आकाश राव अपनी टीम के साथ पैदल गश्त पर निकले थे, इसी दौरान कोंटा-एर्राबोर मार्ग पर डोंड्रा के पास नक्सलियों के लगाए गए आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आ गए। ब्लास्ट में कुछ और अधिकारी घायल हुए हैं, जिनका कोंटा के अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। वहीं एएसपी की शहादत की सूचना मिलने पर उनकी टीम के जवान फूट-फूटकर रोते रहे।

आकाश राव रायपुर, महासमुंद में भी पोस्टेड रहे
शहीद एएसपी आकाश राव गिरिपुंजे रायपुर और महासमुंद में भी पोस्टेड रहे। उनका परिवार रायपुर में ही रहता है। उनकी स्कूलिंग भी रायपुर में हुई है। वे पूर्व कांग्रेसी पार्षद के भतीजे हैं।

बम 2 फीट के नीचे, तो डिटेक्ट नहीं हो सकता
नक्सलियों ने बम या IED जमीन के दो फीट से ज्यादा गहराई में लगाई हो, तो जवानों के पास ऐसी कोई मशीन नहीं कि उसका पता लगाया जा सके। बीजापुर में हुए नक्सली हमले में भी यही हुआ। इसमें 1 ड्राइवर और 8 जवान शहीद हो गए थे। इसमें आईईडी को करीब पांच फीट नीचे लगाया गया था। पढ़ें पूरी खबर

नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी रहेगा
प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने इस घटना को नक्सलियों का कायराना हरकत करार दिया है। उनके मुताबिक इस घटना से नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन में कोई रुकावट नहीं आएगी। लेकिन कभी किसी सूरत में नक्सलियों से बातचीत की स्थिति बनती है तो ऐसी घटनाओं से वो खत्म हो जाती है।

Categorized in: