पहली बार IPL विजेता बनने वाली रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का जश्न बुधवार को बड़े हादसे में बदल गया। विजेता खिलाड़ियों के स्वागत में यहां चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर जुटी भीड़ में भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई। 33 घायल हैं।

इसको लेकर कर्नाटक हाईकोर्ट ने खुद नोटिस लिया है। कोर्ट दोपहर 2.30 बजे मामले में सुनवाई करेगा। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता स्नेहमयी कृष्णा ने कब्बन पार्क थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में CM सिद्धारमैया, डिप्टी CM डीके शिवकुमार और कर्नाटक क्रिकेट बोर्ड पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

कल घटना के बाद शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए CM सिद्धारमैया ने कहा कि ‘मैं इस घटना का बचाव नहीं कर रहा, लेकिन देश में पहले भी कई बड़े हादसे हुए हैं, जैसे कुंभ मेले में 50-60 लोगों की जान गई। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि हम जिम्मेदारी से बचें।’ वहीं, भाजपा ने उनके इस्तीफे की मांग की है।

CM, डिप्टी CM और कर्नाटक क्रिकेट बोर्ड के खिलाफ शिकायतें दर्ज
कर्नाटक में बेंगलुरु भगदड़ मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता स्नेहमयी कृष्णा ने कब्बन पार्क थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, डिप्टी CM डीके शिवकुमार और क्रिकेट बोर्ड के पदाधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने IPC की धारा 106 के तहत केस दर्ज करने की मांग की है। वहीं, आम आदमी पार्टी कर्नाटक के युवा अध्यक्ष लोहीत हनुमनपुरा ने भी पुलिस में शिकायत दी है। उन्होंने कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन और चिन्नास्वामी स्टेडियम के CEO के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है

Categorized in: