दुकान का ताला तोड़वाकर पुलिस ने उत्तर प्रदेश में बिक्री योग्य 20 लीटर शराब बरामद किया

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना पुलिस ने करीब 20 लीटर अंतर्राज्यीय शराब बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो पार्टनरशिप में अवैध कारोबार कर रहे थे। पुलिस को शराब जप्त करते के लिए आरोपियों के दुकान का ताला तोड़वाना पड़ा। आरोपियों के विरूद्ध आबकारी एक्ट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में की गई।
जानकारी के मुताबिक गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव पाण्डेय स्टाफ के साथ पेट्रोलिंग पर निकले थे, इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सरगवां मझलीपारा में विकास राय और प्रताप पाली नामक युवक अपने गैरेज के बगल में टीन के दुकान में भारी मात्रा में उत्तर प्रदेश का अंग्रेजी शराब रखकर आम लोगों को बेच रहे हैं। पुलिस मौके पर दबिश दी तो गैरेज के सामने दो युवक विकास राय पिता प्रदीप राय 27 वर्ष, निवासी मझलीपारा व प्रताप पाली पिता पन्नालाल पाली 25 वर्ष, निवासी सरगवां आरटीओ ऑफिस के पास बैठे मिले। इनसे टीन गेट पर लगे ताला को खोलने कहा गया तो वे चाबी गुम होने की बात कहते हुए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करने लगे। इसके बाद पुलिस ने संदेही विकास राय से दुकान के गेट में लगा ताला तोड़वाया और अंदर गए तो तीन अलग-अलग कार्टून में रखा 08 पीएम 750 एमएल अंग्रेजी स्कॉच व इंडियन ग्रेन व्हिस्की का 12 सीलबंद बोतल, कुल मात्रा 9000 एमएल कीमत 5520 रुपये, इकोनिक व्हाईट व्हिसकी 180 एमएल का 18 शीशी, कुल मात्रा 3240 एमएल, कीमत 2700 रुपये व 8 पीएम 180 एमएल अंग्रेजी स्कॉच व इंडियन ग्रेन व्हिस्की टेट्रा पैक 42 नग कुल मात्रा 7560 एमएल, कीमत 5040 रुपये मिला। दुकान के अंदर 03 खाली कार्टून किंग फिसर स्ट्रांग बियर, आाफिसर च्वाइस व्हिस्की व 8 पीएम ट्रेटा पैक व्हिस्की का पुलिस ने बरामद किया है। जप्त शराब की कुल मात्रा 19 लीटर 800 एमएल है, जिसमें उत्तरप्रदेश राज्य में ही बिक्री योग्य उल्लेखित है। पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ आरक्षक विकास सिंह, रिषभ सिंह, अरविन्द उपाध्याय सहित अन्य सक्रिय रहे।

कमर में खंजर खोंसकर पहुंचा थाना प्रभारी के चेंबर में, कहा-ज्यादा पूछताछ मत करो इनको छोड़ दो
उत्तरप्रदेश राज्य का अंग्रेजी शराब जप्त करके थाने लौटी पुलिस के समक्ष उस समय उहापोह की स्थिति बन गई, जब वह आरोपी विकास राय व प्रताप पाली को लेकर वापस थाना पहुंची। आरोपियों से पूछताछ के दौरान सफेद कुर्ता-पैजामा पहना युवक सीधे थाना प्रभारी के कक्ष में आकर हुज्जतबाजी करने लगा। इसका कहना था कि विकास व प्रताप से शराब के मामले में ज्यादा पूछताछ मत करो, इनको छोड़ दो। थाना प्रभारी ने कहा कि किससे क्या पूछताछ करना है, इस संबध में आप निर्देशित नहीं कर सकते। युवक बातचीत दौरान बार-बार अपने कमर में हाथ लगा रहा था, जिससे उसका हावभाव संदेहास्पद प्रतीत हुआ। कुर्ता के भीतर कमर के पास कुछ सामान रखने जैसा उभार नजर आने पर थाना स्टाफ ने उसकी तलाशी ली तो कमर में काला कपड़ा के कवर में लोहे का धारदार चाकू, लकड़ी के म्यान में खंजर व एक मल्टीपरपज उपयोग में लाया जाने वाला छोटा चाकू मिला। पूछताछ में उक्त युवक अपना नाम आदिनाथ कश्यप व खुद को मुण्डा सरदार होना बताया। बाद में युवक से पहचान पत्र मांगने पर वह अपना पहचान छिपाते हुए खुद को क्षत्रिय बताने लगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी थाना भवन में आर्म्स लेकर जिस प्रकार प्रवेश किया, और पुलिस से हुज्जतबाजी करने की कोशिश कर रहा था इसे देखते हुए उसकी मंशा किसी प्रकार का गंभीर अपराध करने की प्रतीत हो रही थी। पुलिस ने आरोपी आदिनाथ कश्यप पिता काशीनाथ कश्यप 22 वर्ष, निवासी ब्रम्हपारा को सार्वजनिक रूप से थाना भवन में चाकू और खंजर लेकर प्रवेश करने के मामले में धारा 25 आर्म्स एक्ट का मामला कायम करके गिरफ्तार कर लिया है।

Categorized in: