अंबिकापुर। कोतवाली थाना पुलिस ने जबरन गर्भपात की दवा खिलाने से युवती की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक महामायापारा निवासी एक युवती 11 मई को गर्भपात की दवा का सेवन कर ली थी, इसके बाद तबियत बिगड़ने पर युवती की छोटी बहन के साथ प्रेमी युवक उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के लिए लेकर आया था। यहांं इलाज के दौरान कुछ ही घंटे में वह दम तोड़ दी थी।

 पुलिस ने मृतिका का मर्ग पंचनामा करके परिजन का बयान दर्ज किया था। मृतिका की मां अपने कथन में बताई कि भुनेश्वर विश्वकर्मा उर्फ गोलू विश्वकर्मा से मृतिका का प्रेम संबंध था, दोनों के बीच बने संबंध के बाद वह गर्भवती हो गई थी। भुनेश्वर उर्फ गोलू विश्वकर्मा उसे गर्भपात का दवा जबरदस्ती सेवन करने के लिए कह रहा था, जिस पर वह गर्भपात का गोली खा ली थी, इसके बाद पेट में दर्द होने पर उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। 

मर्ग जांच में पुलिस ने आरोपी भुनेश्वर उर्फ गोलू विश्वकर्मा के विरूद्ध थाना कोतवाली में धारा 90(2) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया था। आरोपी भुनेश्वर विश्वकर्मा उर्फ गोलू विश्वकर्मा पिता माधव राम 24 वर्ष निवासी खम्हरिया थाना उदयपुर, हाल मुकाम महामायापारा अंबिकापुर ने पूछताछ में युवती को जबरन गर्भपात का दवा सेवन करने के लिए बाध्य करना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में पुलिस ने भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, होलीक्रास अस्पताल से पुलिस चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह, आरक्षक अमर सिंह, आशीष कुमार सक्रिय रहे।

Categorized in: