मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी) । एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में शनिवार को नगरपालिका के जलप्रदाय गृह के पास से भारत की जांबाज सेना के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाली गई । जिसमें सरकारी कर्मचारी से लेकर जनप्रतिनिधियों सहित सभी वर्गों के महिला-पुरूष व युवा काफी संख्या में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा नपा के जलप्रदाय गृह के पास से प्रारंभ होकर मनेन्द्रगढ़ शहर के मुख्य बाजार व चौक चौराहे होते हुए शहीद स्मारक जय स्तंभ पहुंचकर सम्पन्न हुई। समूचा राष्ट्र ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का गौरवगान कर रहा है और भारतीय सेना के शौर्य को नमन कर रहा है। हमारी सेना के साहस, शौर्य और समर्पण ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि राष्ट्र की सुरक्षा अटल है। हर दिशा में गर्व और उल्लास के साथ लहराता तिरंगा हमारे सम्मान, स्वाभिमान और अखंडता का प्रतीक है । उक्त तिरंगा यात्रा में पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों से समूचा शहर गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्षा श्रीमती चम्पा देवी पावले, नपाध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव,नपा उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, श्याम बिहारी रैकवार, जेके सिंह, सीएमओ मुक्ता सिंह चौहान सहित आम जन व नपा के जनप्रतिनिधि एवं जेष्ठ श्रेष्ठ सभी जन समूह उपस्थित हुए। तिरंगा यात्रा का शहीद स्मारक जय स्तम्भ में पहलगाम में मारे गये भारत के नागरिकों व देश में शहीद हुए जवानों को केंडल जलाकर श्रद्धांजलि देने के साथ समापन हुआ।

Categorized in: