अंबिकापुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल 22 अप्रैल को सरगुजा जिले का कमान संभालने के बाद, शनिवार को पत्रकारों से रूबरू हुए, वे 2012 बैच के आईपीएस हैं। उन्होंने कहा कि जनता को राहत दिलाकर वे अपनी जवाबदेही को पूरा करेंगे। सरगुजा की पुलिसिंग को उन्होंने बेहतर बताते हुए कहा कि बेसिक पुलिसिंग में कुछ काम करने की जरूरत है। शहर में यातायात व्यवस्था की दृष्टि से भी काम किया जाएगा। जिले में होने वाले अपराधों की समीक्षा करके अधिकतर होने वाले अपराधों को गंभीरता पूर्वक लिया जाएगा। बेसिक क्राइम, चोरी, हत्या के अलावा प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों पर कार्रवाई होगी।
पत्रकारों के सवाल पर रिंग रोड को प्राणवायु चलाने वाले मार्ग की संज्ञा देते हुए उन्होंने कहा कि रिंग रोड में भारी वाहनों का बेतरतीब जमावड़ा न हो, इसके लिए पहल होगी। विभागीय कसावट लाया जाएगा। किसी प्रकार की विभागीय अनुशानहीनता बर्दास्त नहीं की जाएगी। नाबालिगों के द्वारा वाहन चालन करने के परिप्रेक्ष्य में उन्होंने कहा कि कार्रवाई के साथ सीधे अभिभावकों को जिम्मेदार मानते हुए उन्हें थाने में तलब किया जाएगा। पुलिस का सिर्फ वाहनों को चालान करना उद्देश्य नहीं रहेगा, अभिभावकों के साथ वाहन चालकों के व्यवहार परिवर्तन की पहल की जाएगी। शहर के भीड़भाड़ वाले स्थलों पर पुलिस की नजर रहेगी। यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए बिलासपुर चौक और अम्बेडकर चौक से विशेष अभियान शुरू होगा। बता दें कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल छत्तीसगढ़ के कवर्धा, बलरामपुर, रायगढ़, सूरजपुर, जशपुर में बतौर पुलिस अधीक्षक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। 15 दिवस सरगुजा में भी पुलिस अधीक्षक के रूप में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारों से चर्चा के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो भी उपस्थित थे।
नशे पर नियंत्रण करना विशेष फोकस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने सरगुजा जिले में नशे के अवैध करोबार के बारे में कहा कि नशे के कारोबार की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे और इस पर नियंत्रण लगे इसकी पूरी कोशिश होगी। सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए मालवाहकों में यात्रियों को ढोने पर रोक लगाया जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाया जा सके।

Categorized in: