अंबिकापुर। शहर के कमोदा बिहार मैरिज हॉल में 20 अप्रैल रविवार को हंसी-खुशी भरे माहौल में संपन्न हुए विवाह समारोह की खुशियां अगले दिन मातम में बदल गईं। भटगांव निवासी सूरज गुप्ता की शादी के बाद बाराती अगले दिन सुबह वापस घर लौट रहे थे, इस दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दुल्हा के बहन की मौके पर मौत हो गई, वहीं गोद में मौजूद 7 माह के बच्चे को खरोंच तक नहीं आई। मृतिका के पिता सहित पीछे बैठे चार बच्चों को चोटें आई है, इनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक अंबिकापुर-बनारस मुख्यमार्ग में सोमवार की सुबह करीब 10.30 बजे स्विफ्ट डिजायर कार में मैरिज हाल से निकले बाराती भटगांव लौट रहे थे, इसी दौरान अचानक अनियंत्रित हुई कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में दुल्हा की बड़ी बहन चांदनी गुप्ता 32 वर्ष, निवासी दुलदुला, जिला जशपुर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वाहन में चांदनी गुप्ता के दो बच्चों के अलावा दो अन्य बच्चे सवार थे, जो कार के पीछे सीट में बैठे थे, इन्हें मामूली चोटें आई हैं। वहीं मृतिका चांदनी गुप्ता के पति निरंजन गुप्ता भी दुर्घटना में घायल हुए हैं, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतिका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गुप्ता परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। गांव और रिश्तेदारों में शोक की लहर है। पुलिस ने मौके से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।

Categorized in: