अंबिकापुर। ससुराल गए पति पर पत्नी ने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। उसका दोष सिर्फ इतना था कि वह करीब 4-5 माह से मायके में रह रही पत्नी को घर चलने के लिए कहा। मामला कोतवाली थाना पुलिस तक पहुंचा है, जिस पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम असोला निवासी कबुत्री यादव ने पुलिस को बताया है कि उसके भाई बैजनाथ यादव का शादी रजपुरी निरासीपारा की सोनिया से हुआ है, जिससे एक लड़की है। 4-5 माह पहले से सोनिया अपनी बच्ची को लेकर मायके में रह रही है। 7 अप्रैल को शाम करीब 4.30 बजे बैजनाथ अपने ससुराल गया था। 8 अप्रैल को सुबह करीब 5 बजे रजपुरी में रहने वाली फुआ सुहानो यादव फोन करके बताई कि बैजनाथ आया है और ससुराल में मारपीट करना बता रहा है। जब वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ फुआ के यहां गई तो भाई बैजनाथ के दोनों पैर में चोट लगने से वह चल नहीं पा रहा था। घायल भाई को लेकर वे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। पूछताछ करने पर वह बताया कि रात करीब 10.30 बजे वह अपनी पत्नी सोनिया को बोला कब तक मायके में रहोगी चलो घर चलते हैं, इसी बात को लेकर उसके साला, ससुर और पत्नी तीनों मिलकर गाली-गलौज करने लगे। जब वह गाली देने से मना किया तो जान से मारने की धमकी देते हुए साला दारा व ससुर बुनकु उसके साथ मारपीट कर रहे थे। इसके बाद दोनों उसे पकड़ लिए और पत्नी सोनिया लोहे के सब्बल से मारपीट की, जिससे उसके दोनों पैर में चोट आई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Categorized in: