अंबिकापुर। ठगी की घटनाओं से आम नागरिकों को सचेत करने सहित जागरूकता उत्पन्न करने सरगुजा पुलिस द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वर्तमान में कक्षा 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा के बाद सायबर ठग नई प्रकार की ठगी कर रहे हैं। कुछ दिनों पूर्व अन्य जिले में बोर्ड की परीक्षा दे चुके बच्चों के पालकों को अनजान नंबरों से फोन कॉल करके साइबर ठग बच्चों को बोर्ड परीक्षा में पास करवाने की जिम्मेदारी लेने, परीक्षा के नंबरो को बढ़ाने का झांसा देकर एक निश्चित रकम की मांग करने का मामला सामने आया है। साइबर ठग विद्यार्थियों के पालकों से फोन करके 5 से 10 हजार रुपये की डिमांड करते हैं, कुछ शातिर गिरोह परीक्षा परिणाम से जुड़े फर्जी कॉल्स के जरिए छात्रों और उनके अभिभावकों को झांसे में लेकर ठगी की वारदात को अंजाम देते हैं। ये फर्जी कॉलर खुद को शिक्षा मंडल का अधिकारी या किसी प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़ा होना बताकर कहते हैं कि वे नंबर बढ़वा सकते हैं या फेल हुए छात्र को पास करवा सकते हैं। बदले में वे मोटी रकम की मांग करते हैं। कई बार पालक इस तनावभरी स्थिति में उनके झांसे में आ भी जाते हैं।
फर्जी कॉल से बचने इन बातों का रखें ध्यान
कोई भी अज्ञात कॉलर यदि परीक्षा परिणाम या नंबर बढ़ाने की बात करे, तो सर्वप्रथम अपनी बैंकिंग जानकारी ओटीपी, यूपीआई डिटेल्स ना दें, अफवाह फैलाने से बचें। हर सूचना की पुष्टि स्कूल या परीक्षा केंद्र से करें, ऐसी घटना साइबर ठगों द्वारा ईजाद की गई है। अगर आपका भी बच्चा बोर्ड परीक्षा में शामिल हुआ है तो आपको जागरूक रहने की आवश्यकता हैं। सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि विद्यार्थी और पालक ऐसे फर्जी कॉल को ध्यान ना दें, उक्त नंबर कों तत्काल ब्लॉक करें, साथ ही साइबर के ऑनलाइन जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत सूचना देकर नजदीकी पुलिस स्टेशन अथवा साइबर सेल में भी सूचना प्रदान करें। स्वयं जागरूक रहें साथ ही अन्य लोगो को भी जागरूक करें।

Categorized in: