अंबिकापुर। भाजपा किसान मोर्चा ने यूरिया की किल्लत को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। किसान मोर्चा के जिला महामंत्री मनोज कंसारी ने कहा है कि यूरिया खाद की कमी के कारण जिले के किसानों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की फसल व बुवाई का भी कार्य प्रभावित हो रहा है। किसानों में असंतोष व्याप्त होता जा रहा है जिससे किसान मानसिक व आर्थिक रूप से परेशान होते जा रहे हैं। प्रदेश सरकार किसानों का हितैषी बनने का दिखावा जरूर करती है लेकिन धरातल पर ऐसा कुछ प्रतीत होता दिखाई नहीं दे रहा है। जिले में मांग के अनुसार यूरिया की आपूर्ति नहीं की जा रही है। काफी कम मात्रा में आवंटन होने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अगर जल्द से जल्द यूरिया की पर्याप्त व्यवस्था कर किसानों को समस्या से निजात नहीं दिलाई गई तो किसान मोर्चा द्वारा आंदोलन किया जाएगा।