अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति व अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास, कृषि विकास एवं कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने गुरुवार को शासकीय उद्यान रोपणी एवं कृषि विज्ञान केंद्र अंबिकापुर का निरीक्षण किया। उन्होंने शासकीय उद्यान रोपणी में उद्यान अधीक्षक से लगाए गए पौधों और पौधे, विकसित किए जाने की कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने यहां सीडलिंग यूनिट का भी अवलोकन किया। उद्यान की साफ-सफाई रखने, अधिक पौधों का उत्पादन करने तथा उद्यानिकी फसल अधिक से अधिक लेने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र अजिरमा का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में लगाए गए धान, उड़द, गन्ने, हल्दी आदि का अवलोकन किया। पिछले सीजन में धान उत्पादन की भी जानकारी ली। इसके साथ ही कुक्कुट पालन इकाई, बत्तख सह मछली पालन इकाई, दुग्ध उत्पादन इकाई आदि का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कृषि महाविद्यालय फर्म का भी अवलोकन किया।
पशु सखियों से मिलकर किया उत्साहवर्धन
मंत्री रामविचार नेताम ने कृषक प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित पशु सखियों के 3 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में दीदियों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने दीदियों से कार्य की जानकारी ली, दीदियों ने बताया कि स्वसहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें बिहान के माध्यम से पशु सखी के रूप प्रशिक्षण दिया गया। अब वे स्वयं पशुओं में टीकाकरण के साथ प्राथमिक उपचार कर लेती हैं। कृषि मंत्री ने कहा कि आप सब अच्छा काम कर रही हैं, घर परिवार संभालने के साथ आर्थिक रूप से भी आत्मनिर्भर बन गई हैं। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना बनाकर सुकर फार्म खोलें, इसमें शासन का पूरा सहयोग रहेगा। वहीं उन्होंने कहा कि मुर्गी फार्मिंग में भी अच्छा लाभ हो सकता है, इसकी भी तैयारी करें। कड़कनाथ तैयार करने यूनिट लगाएं और ट्रेनिंग शुरू करें।

Categorized in: